नव-बिहार समाचार, बिहपुर (भागलपुर)। बिहपुर चौक स्थित एक ढाबा के सामने खड़ी औलियाबाद निवासी पुजीत राम की बाइक लेकर भाग रहे शातिर चोर को झंडापुर पुलिस ने खदेड़कर दबोच लिया। घटना मंगलवार की देर शाम की है। गिरफ्तार शातिर नवगछिया थाना के तेतरी निवासी रामबल राय है। पुलिस ने गिरफ्तार चोर के पास से बाइक की एक मास्टर चाबी बरामद किया है। ढावा संचालक मंगलवार की देर शाम अपने ढावा के समीप बाइक खड़ा कर ढावा के अंदर बैठा था। इसी दौरान वहां चाय दुकान पर घात लगाए चोर बाइक लेकर भागने लगा। जिसे देखकर ढावा संचालक ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद गश्त कर रहे ओपी प्रभारी पंकज कुमार ने शातिर को पकड़ लिया। गिरफ्तार चोर को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।