समसपुर का माहौल हुआ भक्तिमय
नव-बिहार न्यूज एजेंसी, खगड़िया। जिले के महेशखूंट स्थित जवाहर इंटर विद्यालय परिसर में अवस्थित माता अन्नपूर्णा मंदिर समसपुर में श्री शिवशक्ति योगपीठ नवगछिया के तत्वावधान में तथा स्वामी आत्मानंद जी महाराज की अगुवाई में हो रहे नौ दिवसीय श्री विष्णु महायज्ञ सह श्रीमद् भागवत ज्ञान कथा यज्ञ को लेकर पूरे समसपुर का वातावरण पूरी तरह से भक्ति में हो गया है।
इस नौ दिवसीय श्री विष्णु महायज्ञ श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ को लेकर दिनांक 4 फरवरी रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस ज्ञान कथा यज्ञ मंच का उद्घाटन शनिवार की देर शाम बी एन मंडल विश्वविद्यालय मधेपुरा के कुलपति डॉ अवध किशोर राय तथा मध्य प्रदेश के स्वामी धरणीधर आचार्य के द्वारा संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। मौके पर कुलपति श्री राय ने कहा कि समाज में तेजी से पश्चिमी सभ्यता फैल रही है जिसकी वजह से अधिकांश नवयुवक अपनी संस्कृति को भूलते जा रहे हैं। अब इस क्षेत्र का कल्याण यज्ञ से ही होगा।
मौके पर अयोध्या के स्वामी अनंत आचार्य जी महाराज ने सनातन धर्म पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि विधान पार्षद डॉक्टर संजीव कुमार सिंह, क्षेत्रीय विधायक पन्नालाल सिंह पटेल के अलावा तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के पूर्व रजिस्ट्रार डॉ महावीर साहा, डॉ ज्योतिंद्र चौधरी, सियाशरण पोद्दार सिया, डॉक्टर जय नारायण यादव आदि उपस्थित थे।
वहीं रविवार को ही दिन के 2:00 बजे से 4:00 बजे तक इस भक्ति मंच से भक्तिमय संगीत की प्रस्तुति जारी रही। मौके पर शास्त्रीय संगीत के माधवानंद ठाकुर एवं उनके सहयोगी के अलावा पंडित शंकर मिश्र नाहर, पंडित बलभद्र झा, सुनील मिश्रा, बलवीर सिंह बग्घा, राजन, नंदन व राजाराम सिंह आदि ने अपनी अपनी प्रस्तुति कर श्रोताओं एवं श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

