ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

सिपाही परीक्षा के मापदंड बदले, छह मिनट की दौड़ में जितना अधिक समय लगाएंगे उतना ही कम होता जाएगा अंक

पटना। बिहार सरकार द्वारा सिपाही बहाली के पैमाने में बदलाव की अधिसूचना शुक्रवार को जारी कर दी गई। यह बदलाव शारीरिक परीक्षा में मिलने वाले अंकों में हुआ है। हालांकि शारीरिक परीक्षा में दौड़, गोला फेंक और ऊंची कूद के प्रतिस्पर्धा ही रहेंगे। उनके लिए पहले से निर्धारित कुल अंकों में भी कोई फेरबदल नहीं किया गया है।
अब समय और दूरी के हिसाब से उन्हें शारीरिक परीक्षा में अंक मिलेंगे। गृह विभाग ने अधिसूचना जारी की। शारीरिक योग्यता परीक्षा कुल सौ अंकों की होगी। इसमें दौड़ के लिए 50, गोला फेंक और ऊंची कूद के लिए अधिकतम 25-25 अंक दिए जाएंगे। महिला या पुरुष दोनों अभ्यर्थियों को न्यूनतम मापदंड को पूरा करना अनिवार्य बना दिया गया है।

दौड़ : पुरुष के लिए 1 मील, जबकि महिला के लिए 1 किलोमीटर की दौड़ होगी। अधिकतम 6 मिनट का समय होगा। हालांकि 5 मिनट में यदि कोई दौड़ पूरी कर लेता है तो उसे अधिकतम 50 अंके मिलेंगे। जैसे-जैसे समय बढ़ता जाएगा अंक कम होते जाएंगे। 5 मिनट 40 सेकेंड से अधिक और 6 मिनट के बीच दौड़ पूरा करने पर न्यूनतम 20 अंक दिए जाएंगे।

गोला फेंक : गोला फेंक में अधिकतम 25 अंक होंगे। पुरुषों को 16 पाउंड का गोला न्यूनतम 16 फीट फेंकना होगा। वहीं महिलाओं को 12 पौंड का गोला कम से कम 10 फीट फेंकना अनिवार्य है। तभी वह पास होंगे। न्यूनतम अंक 9 रखा गया है। दूरी के हिसाब से अंक ज्यादा होते जाएंगे। अधिकतम अंक प्राप्त करने के लिए पुरुषों को 20 फीट और महिलाओं को 14 फीट से ज्यादा गोला फेंकना होगा।

ऊंची कूद : इसी तरह ऊंची कूद में पुरुषों के लिए न्यूनतम 4 फीट और महिलाओं को 3 फीट की छलांग लगानी होगी। पुरुषों को अधिकतम 25 अंक के लिए 5 फीट से ज्यादा और महिलाओं को 4 फीट से ज्यादा कूद लगानी होगी।