ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

अभिया गाँव से लौटकर लोजपा नेता ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

पुलिस जिला नवगछिया के अभिया गांव में 12 अगस्त की रात महादलित टोला में अपराधियों द्वारा किये गए बर्बर हमले के पीड़ित
परिवार और गांव के सभी परिवार से मिलने और आश्वासन देने के बाद लोजपा और दुसाध सेवक संघ का एक प्रतिनिधि मंडल सोमवार को नवगछिया एसपी पंकज सिन्हा से मिलकर तीन सूत्री ज्ञापन सौंपा।
यह जानकारी देते हुए लोजपा के भागलपुर जिलाध्यक्ष मुरारी पासवान ने बताया कि सोमवार को चालीस सदस्यीय टीम ने अपराधियों के सामूहिक हमले से पीड़ित अभिया गाँव का दौरा कर पाया कि घटना के बाद से आज भी महादलित परिवार भयभीत हैं। अब भी फरार अपराधियों द्वारा बार बार धमकी दी जा रही है कि चार लोगों को अभी और मौत के घाट उतारना है। इधर पीड़ित परिवार को अबतक कोई सरकारी सहायता का आश्वासन तक नहीं मिला है। साथ ही यह भी चिंतनीय है कि स्थानीय सांसद और विधायक का इस घटना पर अबतक कोई बयान नहीं आया है। घटना उस समय हुई जब विद्यार्थी अपने घर में पढ़ाई कर रहे थे। स्पष्ट है कि यह सरकार दलितों को शिक्षित नहीं होने देना चाहती है।
मुरारी पासवान ने बताया कि इसी स्थिति को देखते हुए एसपी नवगछिया को ज्ञापन दिया गया है कि गांव में अब भी भय का माहौल है। महादलित टोला के लोग घर से निकल कर बाजार नहीं जा सकते हैं। छात्रों की पढ़ाई भी बाधित है। इस भय को दूर कराया जाय जिससे लोग घरों से निकलें तो सुरक्षित महसूस करें। पुलिस कैम्प में पुलिस बलों की संख्या बढ़ाई जाय। नामजद अपराधी की अविलंब गिरफ्तारी हो।
इस पर एसपी ने आश्वासन दिया कि हम निष्पक्षता से काम कर रहे हैं। जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी होगी। भय का माहौल भी दूर होगा। पुलिस की कमी को भी दूर करने का प्रयास किया जाएगा।