नवगछिया में सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतिम दिन कई स्कूलों के बच्चों ने शनिवार की सुबह नगर में रैली निकाल कर लोगों को सुरक्षित यात्र करने का संदेश दिया। रैली का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक शेखर कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी ई० अखिलेश कुमार, डीसीएलआर संजीव कुमार, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी संजीव कुमार, बीडीओ नवगछिया राजीव रंजन कुमार, बीडीओ खरीक रमण सिंहा, सीओ मिथिलेश कुमार, प्राचार्य राजीव प्रसाद, प्राचार्य मुरारी पंसारी, शिक्षक सुरेंद्र प्रसाद सिंह, अजित कुमार झा, सुरेश सिंह, वरुण बाबुल, आलोक कुमार, आकाश कुमार, राजीव प्रसाद आदि कर रहे थे।
इस दौरान जगह-जगह नुक्कड़ नाटक पेश कर लोगों को यह बताया कि सड़क हादसे के बाद कौन सी परेशानी पेश आती है। यदि थोड़ी सी सावधानी बरत ली जाए तो ऐसी स्थिति पैदा नहीं हो सकती। इस दौरान जो भी बाइक सवार बिना हेलमेट का मिला अधिकारियों और बच्चों ने उसके सिर पर फूलों की वर्षा कर उसे हेलमेट पहनने का आग्रह किया।
धीरे चलें सुरक्षित पहुंचे, बच्चे आपके इंतजार में हैं, सावधानी हटी दुर्घटना घटी के नारे बच्चे लगा रहे थे। रैली में सावित्री पब्लिक स्कूल, बाल भारती, हाई स्कूल नौवगछिया, रुंगटा गल्र्स हाई स्कूल, बाल भारती विद्यालय, कन्या पाठशाला आदि स्कूलों के बच्चे पोस्टर और बैनर के साथ शामिल थे।
