पूर्व मध्य रेल के मुख्य वाणिज्य प्रबंधक महबूब रब की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। रविवार को मीडियाकर्मियों से मारपीट किए जाने के मामले में जीआरपी की ओर से उनकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अनुसंधानकर्ता ने सोमवार को महबूब की गिरफ्तारी के लिए रेलवे कोर्ट से वारंट निर्गत करने का अनुरोध किया है। मंगलवार को वारंट जारी होने के बाद उनकी गिरफ्तारी संभव है। इधर, रेल मंत्रालय के निर्देश पर रेलवे बोर्ड की ओर से पूर्व मध्य रेल से इस घटना की पूरी जांच रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट 24 घंटे के अंदर देनी है। इस बाबत रेल डीएसपी अनंत कुमार राय ने बताया कि सीसीएम महबूब की गिरफ्तारी के लिए वारंट निर्गत करने का अनुरोध किया गया है। आज पुलिस ने वीडियो फुटेज को देखा। फुटेज में कहीं भी मीडियाकर्मी को महिला टीटीई से उझलते नहीं देखा गया। फुटेज में मीडियाकर्मी चुपचाप से किनारे खड़ा हो अपना काम कर रहे थे। फुटेज में तीन महिला टीटीई एवं एक आरपीएफ जवान चार यात्रियों से उलझे हुए हैं। इसी बीच अचानक सीसीएम आ जाते हैं। इसके बाद हंगामा शुरू हो जाता है। सीसीएम महबूब जोर-जोर से चिल्ला रहे हैं। कभी भीड़ में घुसकर यात्रियों को भगा रहे हैं तो कभी मीडियाकर्मी से तू-तू,मैं-मैं कर रहे हैं। इसके बाद मामला खत्म हो जाता है। बाहर में क्या घटना हुई इसकी जानकारी नहीं मिलती।
वहीं दूसरी ओर, आज रेलवे बोर्ड से इस पूरे प्रकरण की जांच का आदेश दिया गया है। पूर्व मध्य रेल से इसकी रिपोर्ट 24 घंटे के अंदर देने को कहा गया है। मंगलवार तक हर हाल में रिपोर्ट रेलवे बोर्ड तक पहुंच जाएगा। इस मामले में रेल मंत्रालय काफी सख्त दिख रहा है। इधर, महाप्रबंधक मधुरेश कुमार ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का आदेश दिया है।
