भागलपुर जिला के अपर समाहर्ता के आदेश के विरुद्ध गलत तरीके से गंगा में कहलगांव और तिनटंगा घाट के बीच चलायी जा रही है स्टीमर सेवा । जबकि अपर समाहर्ता भागलपुर ने 30 अगस्त को ही कहलगांव के अंचल अधिकारी को इस सेवा को रोकने का निर्देश निर्गत किया था । इसके बावजूद यहाँ यह फेरी सेवा चालू है।
इस मामले में कहलगांव के अंचल अधिकारी लंबोदर झा ने बताया कि मिली जानकारी के अनुसार आज शाम मैंने घाट पर जाकर जायजा लिया है। जहां पता चला कि यहा फेरी सेवा चल रही है। जिसका मामला थोड़ा पेचीदा है। जिसकी छानबीन भी जारी है। घाट पर पूछताछ के दौरान कई लोगों ने बताया कि यह घाट गोपालपुर अंचल का है। जिसे गलत तरीके से कहलगांव अंचल से बंदोबस्त कराकर स्टीमर मालिक द्वारा फेरी सेवा चलायी जा रही है। जिससे गोपालपुर अंचल के राजस्व की भी हानि हो रही है। साथ ही नाविकों के समक्ष भुखमरी की स्थिति पैदा हो रही है।
वहीं मंगलवार को भी इस क्षेत्र में स्टीमर की फेरी सेवा जारी रही। जिसकी टिकट भी स्टीमर पर ही काटी गयी तथा यात्रियों से पैसे भी स्टीमर पर ही वसूले गये। जबकि यहाँ नाव यातायात समिति के द्वारा नाव परिचालन का पुराना सिलसिला चलता था। जिसके अधिकारियों ने इसके लिये जिलाधिकारी से भी गुहार लगायी है।
