ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

बिहार राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार होगा आज


बिहार की 12 दिनों पुरानी जीतन राम मांझी सरकार का सोमवार को विस्तार किया जाएगा और मंत्रिमंडल के नए सदस्यों को राजभवन में आयोजित एक समारोह में राज्यपाल पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

लोकसभा चुनाव में जदयू के खराब प्रदर्शन की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पिछले 17 मई को नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद जदयू विधायक दल के नया नेता चुनने के लिए नीतीश को अधिकृत किए जाने पर उनके द्वारा जीतन राम मांझी को मुख्यमंत्री पद के लिए चुनने के बाद गत 20 मई को मांक्षी सहित उनके नेतत्व वाली 18 सदस्यीय नई सरकार ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली थी।

मांझी की नेतृत्व वाली प्रदेश की नई सरकार ने गत 23 मई को बिहार विधानसभा में कांग्रेस और राजद के सहयोग से विश्वास मत हासिल कर लिया था। राज्यपाल के प्रधानसचिव ब्रजेश महरोत्रा ने बताया कि कल अपराहन चार बजे राजभवन में आयोजित एक समारोह के दौरान राज्यपाल डा0 डी0 वाई0 पाटिल मंत्रिमंडल के सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

वैसे तो बिहार विधानसभा में 243 सदस्यों के होने के नाते कुल 36 मंत्री शपथ ले सकते हैं और गत 20 मई को मुख्यमंत्री मांझी सहित 18 मंत्रियों के शपथ लिए जाने के बाद अब मंत्रिमंडल में अधिकतम 18 अन्य को शामिल किए जाने की गुंजाइश है। लेकिन जदयू सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री की 10 से 12 अन्य मंत्रियों को अपने मंत्रिमंडल में शामिल करने की योजना है।

कांग्रेस और राजद के सरकार का समर्थन किए जाने के बाद मंत्रिमंडल में उसके भी विधायकों के शामिल किए जाने की चर्चा और अटकलों को जदयू सूत्रों ने खारिज कर दिया है। पिछले वर्ष 16 जून को भाजपा से जदयू के नाता तोड़े जाने के बाद नीतीश मंत्रिमंडल से भाजपा के 11 मंत्रियों के बाहर होने के बाद उक्त पार्टी यह आरोप लगाती रही है कि पार्टी में बिखराव के भय से जदयू सरकार अपने मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं कर रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उत्ताधिकारी जीतन राम मांझी ने अपने मंत्रियों की नई टीम में कोई फेरबदल नहीं किया था और शपथ लेने वाले पुराने सभी मंत्रियों के विभाग पूर्ववत रहने दिए थे। हालांकि नए मंत्रियों के नामों की अधिकारिक जानकारी कल हो पाएगी पर सूत्रों का कहना है कि राजद और भाजपा छोडकर जदयू में शामिल हुए पांच पूर्व विधायकों सम्राट चौधरी, जावेद इकबाल अंसारी, रामलखण राम रमण, विजय कुमार मिश्र और राणा गंगेश्वर सिंह को शामिल किया जा सकता है।

सूत्रों ने बिहार विधान परिषद के नवमनोनीत सदस्य और मुंगेर के पूर्व सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को भी मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना जतायी है। जदयू के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ललन सिंह नीतीश कुमार के करीबी माने जाते हैं।