ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

चूड़ी-सिंदूर के साथ गिरिराज को घेरने पहुंचीं ‘देहाती औरतें’


भाजपा नेता गिरिराज सिंह द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए ‘देहाती औरत’ शब्द का इस्तेमाल सोमवार को उस समय भारी पड़ गया जब महिलाओं का एक जत्था चूड़ी, सिंदूर, चुनरी, टिकुली आदि लेकर गिरिराज के सरकारी आवास पर पहुंच गया और उनके खिलाफ खूब नारेबाजी की। कहा कि गिरिराज ने महिलाओं का अपमान किया है।
इधर, गिरिराज के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उनकी हत्या कराना चाहते हैं। आखिर प्रतिबंधित क्षेत्र में इतनी संख्या में महिलाएं कैसे पहुंच गईं? उनकी माने तो श्याम रजक ने इन महिलाओं को भिजवाया था। हालांकि रजक व महिलाओं का इससे इंकार रहा। जब महिलाएं गिरिराज के घर पहुंचीं, वे घर पर नहीं थे।
महिलाओं के खास नारे थे-‘गिरिराज सिंह मुर्दाबाद, औरतों को अपमानित करना बंद करो, देहाती औरत कह महिलाओं का अपमान बंद करो, भाजपा की संस्कृति -औरतों का अपमान, नहीं चलेगा- नहीं चलेगा।’ महिलाएं उनको चूड़ी पहनाने और सिंदूर लगाने पर आमादा थीं। वे बार-बार कह रहीं थीं-‘आज वो मिल जाएं, तो हम उनको बता देंगे कि देहाती औरत क्या होती है?’
गिरिराज सिंह ने इस प्रदर्शन को साजिश कहा है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा-‘आखिर इतनी बड़ी संख्या में महिलाएं वीआइपी क्षेत्र में कैसे पहुंच गयीं? उन्हें किसी ने रोका क्यों नहीं? यह तो सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल है। यहां तमाम वीआईपी लोगों के आवास हैं। चौबीस घंटे सुरक्षाकर्मी तैनात रहे हैं। ऐसे में किसी ने इन महिलाओं को क्यों नहीं रोका? इसमें प्रशासन की सहमति है। श्याम रजक ने मेरे आवास पर इन महिलाओं को भिजवाया था। यह स्वस्थ राजनीति के खिलाफ है।’