एक गैस सिलेंडर के गड़बड़ होने से या गलत तरीके से लगाने पर पूरा घर खाक हो गया। जिसपर आस पास के ग्रामीणों द्वारा बड़ी मुश्किल से काबू पाया गया।
घटना नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत गोपालपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव की है। जहां दोपहर बाद गोपाल प्रसाद सिंह के घर में खाना बनाने के दौरान अचानक गैस सिलेंडर से आग भड़क गई। चूल्हा की जगह पूरे पाइप और गैस सिलेंडर के मुंह से तेज लपटें उठने लगी। लपटें इतनी तेज थीं कि धीरे-धीरे रसोईघर इसकी चपेट में आया फिर पूरा घर ही जलने लगा। संयोग अच्छा था कि गैस सिलेंडर नहीं फटा। पड़ोसी राजेश कुमार ने जान पर खेल कर सिलेंडर को किचन से बाहर निकाला, तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका। तब तक गोपाल सिंह के घर के कपड़े, अनाज, बर्तन तथा खाने पीने के सारे सामान यहाँ तक कि खेती के लिए लाया गया खाद और बीज भी जल कर खाक हो गए। इस घटना की वजह से लगभग ढाई लाख की क्षति होने का अनुमान बताया जा रहा है।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना नवगछिया अनुमंडल पदाधिकारी एवं गोपालपुर के प्रभारी सीओ देवेन्द्र झा को दी। मौके पर सीओ ने पहुंचकर आग के कारणों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया की गोपाल ने आज ही एचपी नया सिलेंडर लगाया था और इतना बड़ा हादसा हो गया।