गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर बिहार के भागलपुर जिला अंतर्गत नवगछिया से लेकर देश की राजधानी सहित महाराष्ट्र तक जगह -जगह पंडाल सज गए हैं। श्रद्धालुओं ने पंडाल में भगवान गणेश की मूर्ति स्थापित कर सोमवार दिन भर पूजा-अर्चना की। मंदिरों में भगवान की पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही । जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये गये हैं ।
जहां भागलपुर जिले के नवगछिया नगर में मुख्य डाक घर के समीप, कुम्हार पट्टी तथा नया टोला में पंडाल बनाकर गणेशोत्सव के तहत भगवान गणेश की मूर्ति स्थापित कर पूजा जारी है | इस मौके पर सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह क्षेत्र के सांसद शाहनवाज़ हुसैन ने भी नवगछिया पहुँच कर विघ्न विनाशक गणपति बप्पा मोरया के समक्ष अपना सर झुका कर इन्सानों को धर्मनिरपेक्ष रहने का संदेश दिया |
नवगछिया में हो रहे श्री गणेश महोत्सव के दौरान जहां कुम्हार पट्टी में हो रहे दो दिवसीय पाँचवें आयोजन के तहत जागरण और नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है | वहीं मुख्य डाकघर के समीप हो रहे चौदहवें आयोजन में चार दिवसीय कार्यक्रम रखा गया है | जिसके तहत सोमवार को श्री गणेश कथा, मंगलवार को महा आरती, बुधवार को भजन संध्या तथा गुरुवार को मटका, नगर भ्रमण व विसर्जन का कार्यक्रम तय है |
वहीं महाराष्ट्र सदन में भी भगवान गणेश की आराधना के लिए पंडाल बनाकर मूर्ति स्थापित की गयी है। पंडाल की संरक्षक नंदनी ने बताया कि यहां सुबह और शाम भगवान गणेश की आरती की जाती है। रोज यहां पूजा-अर्चना के भक्तों का तांता लगा रहता है। पंडाल में उपस्थित भक्तों के उत्साह को बनाये रखने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहे हैं। चांदनी चौक स्थित श्री राधे श्याम मंदिर में भी यह पर्व श्रद्धा एवं उल्लासपूर्वक मनाया गया। भगवान वाल्मीकि मंदिर में भी गणेश चतुर्थी पर पूजा-अर्चना की गई।