ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

रेलवे पार्सल ठेकेदार के घर से पांच करोड़ रुपए बरामद


दिल्ली रेलवे की सतर्कता दल ने अवैध सिगरेट के पार्सल को जब्त करने के लिए रायपुर में रेलवे स्टेशन के पार्सल ठेकेदार के घर पर छापा मारा। मजेदार बात यह है कि सतर्कता दल को सिगरेट तो नहीं मिला, लेकिन पार्सलों में छुपाकर रखे पांच करोड़ रुपए के बंडल जरूर बरामद हुए। सतर्कता दल ने रुपयों को जब्त कर लिया।
रायपुर रेल मंडल के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि रेलवे का एक पार्सल ठेकेदार लंबे समय से आयकर टीन नंबर लिए बिना ही सिगरेट व्यापारी का माल रेलवे से बुक कराकर आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल व कर्नाटक भेजता रहा है।
रेलवे मंडल अधिकारियों के अनुसार पार्सल को बोरे में लपेटकर पार्सलयान में चढ़ाया जाता था। इसकी जानकारी रेलवे के सुरक्षा एजेंसी को थी। रेलवे के एक आला अधिकारी ने ठेकेदार से गड़बड़ी के बारे में पूछा तो उसने साफ तौर से इंकार कर दिया।
सूचना के आधार पर बिलासपुर रेलवे क्षेत्र के सतर्कता दल ने रेल मंत्रालय दिल्ली की सतर्कता दल के साथ पार्सल कार्यालय में छापा मारा, लेकिन वहां उन्हें कुछ हासिल नहीं हुआ। पार्सल कर्मचारियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि गलत ढंग से सिगरेट के पार्सल ढुलाई का कार्य जारी है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सतर्कता दल ने ठेकेदार के घर आधी रात को छापामार कार्रवाई की। छापे के दौरान टीम को सिगरेट के पार्सल तो जब्त नहीं हुए, लेकिन बोरों में नोटों के बंडल मिले। रेलवे के एक अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर वीएनएस को बताया कि पांच करोड़ रुपए से अधिक की नकद राशि बरामद हुई है।
सतर्कता दल लिखित कार्रवाई कर उक्त रकम को जब्त कर अपने साथ दिल्ली लेकर चली गई। बताया जा रहा है कि ठेकेदार ने सतर्कता दल को नकद राशि देने का लालच भी दिया। रायपुर रेलवे स्टेशन में सतर्कता दल द्वारा की गई अपनी तरह की यह पहली कार्रवाई है।