सहारा ग्रुप की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बाजार नियामक सेबी के ताजा वक्तव्य से इसकी पुष्टि होती है। सेबी ने सहारा इंडिया रियल एस्टेट कॉर्प लिमिटेड एवं सहारा हाउसिंग इन्वेस्टमेंट कॉर्प लिमिटेड और इसके तीन
प्रमोटरों तथा डायरेक्टरों से लेन-देन करने वाले निवेशकों व आम जनता को आगाह किया है। इन प्रमोटरों में सहारा ग्रुप के प्रमुख सुब्रत राय भी शामिल हैं।
सेबी ने शुक्रवार को कहा कि अगर कोई निवेशक अथवा व्यक्ति इन दोनों कंपनियों और उनके तीन प्रमोटरों एवं निदेशकों के साथ कोई लेन-देन करता है तो वह खुद के जोखिम पर ही ऐसा करेगा। दूसरे शब्दों में, इस तरह के लेन-देन में उस व्यक्ति को खुद जोखिम उठाना पड़ेगा।
गौरतलब है कि सेबी ने हाल ही में निवेशकों को रकम रिफंड करने के मामले में सहारा ग्रुप की उपर्युक्त दोनों कंपनियों और समूह के प्रमुख सुब्रत राय समेत उनके प्रमोटरों के बैंक खातों व निवेश को फ्रीज करने तथा उनकी अन्य सभी चल एवं अचल संपत्तियों को कुर्क करने का आदेश जारी किया है। इस आदेश के महज कुछ दिन बाद शुक्रवार को सेबी ने यह नया कदम उठाया है।
सेबी ने एक सार्वजनिक नोटिस में कहा है, 'निवेशक एवं आम जनता को सलाह दी जाती है कि वे बाजार नियामक के आदेशों को ध्यान में रखते हुए उपर्युक्त कंपनियों और व्यक्तियों के साथ किसी भी तरह के लेन-देन में सावधानी बरतें।
