बिहार इंटरमीडिएट की परीक्षा सोमवार से प्रारंभ हो रही है। इसको लेकर विभागीय
तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी भागलपुर ने बताया कि परीक्षा के मद्देनजर सभी तरह की तैयारियां पूरी कर ली गयी है।
प्रश्नपत्र वगैरह आ गये हैं। उनको निर्धारित जगहों पर रखवा दिया गया है। सोमवार को परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व परीक्षा केन्द्रों को प्रश्नपत्र मुहैया करा दिये जायेंगे। हालांकि, इसके लिए केन्द्राधीक्षकों को साढे़ सात बजे तक संबंधित व्यक्ति को बैंक भेज देना होगा।
विभागीय सूत्रों ने बताया कि दो पाली में होने वाली परीक्षा के पहले दिन पहली पाली में जीव विज्ञान की परीक्षा ली जायेगी। जबकि, दूसरी पाली में दर्शनशास्त्र की परीक्षा का आयोजन होगा। बताया जाता है कि 19 फरवरी को परीक्षा के दूसरे दिन पहली पाली में आईए के भाषा विषयों की तथा दूसरी पाली में कंप्यूटर साइंस, मल्टी मीडिया एंड बेवटेक आदि की परीक्षाएं ली जायेंगी। डीईओ ने बताया कि चुस्त दुरुस्त व्यवस्था के बीच परीक्षा का आयोजन कराया जायेगा।