ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

भवनपुरा मुखिया पर युवक ने लगाया माता पिता की पीट कर हत्या का आरोप

नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत खरीक थाना क्षेत्र के भवनपुरा पंचायत के मुखिया विनीत कुमार सिंह उर्फ बंटी सिंह सहित उनके आदमियों पर गाँव के ही एक युवक ने अपने माता पिता की पीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है | इस बाबत युवक ने सोमवार को नवगछिया पुलिस अधीक्षक
आनंद कुमार सिंह से मिल कर सारी जानकारी से अवगत कराया | वह अपने मृत पिता की लाश का पोस्टमार्टम कराने नवगछिया आया था | जो अपनी माता का श्राद्ध कर्ता बना हुआ था |
इस मामले में पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि मामला कुछ संदेहास्पद लगता है | जिसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर ही संभव है | वहीं चिकित्सक के अनुसार मृतक के शरीर पर कई जगहों पर जख्म तो है, पर वे उतने गहरे या गंभीर नहीं लग रहे | वैसे उस लाश का बिसरा भेजा जाएगा | जिसकी रिपोर्ट पर कुछ खुलासा संभव है |
नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत खरीक थाना क्षेत्र के भवनपुरा पंचायत निवासी प्रमोद सिंह (65 वर्ष ) पिता कुलदीप सिंह के पुत्र  नरोत्तम सिंह ने सोमवार को पत्रकारों को भी बताया कि उसके माता व पिता की मृत्यु पंचायत के मुखिया विनीत कुमार सिंह उर्फ बंटी  सिंह एवं उसके आदमियों द्वारा 26 -27 जनवरी की मध्य रात्रि की गयी पिटाई के कारण हुई है | जिसके कारण माँ करुणा देवी की मौत 27 जनवरी की सुबह हो गयी | इसके बाद बंटी सिंह एवं उसके आदमियों द्वारा मेरी माँ की लाश को जबरन इसी दिन कोसी नदी किनारे जलवा भी दिया गया | इसके अलावा पिता की पिटाई का इलाज गाँव में ही ग्रामीण डाक्टर से करवाया जा रहा था | जो माँ की मौत की खबर को सह नहीं सके | फलस्वरूप 28 जनवरी की सुबह पिता की मृत्यु हो गयी | वहीं इस मामले में आजाद हिन्द मोर्चा के  राजेन्द्र यादव ने पुलिस प्रशासन से सही और निष्पक्ष जांच की मांग की है |
खरीक थानाध्यक्ष राकेश कुमार के अनुसार मुखिया विनीत कुमार सिंह उर्फ बंटी सिंह सहित मुखिया के सहयोगी गांव के ही लाली सिंह, कल्लू सिंह व बिहार शरीफ के चंदनपुर निवासी मुन्ना के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामाशंकर राय ने भी गांव जाकर मामले की छानबीन की। वहीं आरोपी मुखिया बंटी सिंह के अनुसार उस परिवार से उनकी पुरानी दुश्मनी चली आ रही है। इस बीच कई बार उन्हें झूठे मुकदमें में फंसाया गया है। वे मुख्यधारा में जीना चाहते हैं, जो विरोधियों को खटक रही है।