रविवार को हो रही पुलिस भर्ती परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थी बैठाने वाले
गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। एसटीएफ भागलपुर की टीम ने सुल्तानगंज पुलिस
के सहयोग से दो फर्जी परीक्षार्थियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य सरगना
आतम कुमार अभी गिरफ्त से बाहर है। पुलिस को 51 हजार नगदी सहित एडमिट कार्ड,
दर्जनों फर्जी सर्टिफिकेट जाली मुहर आदि मिले हैं।गिरफ्तार गोपाल कुमार बाथ थाना क्षेत्र के करहरिया पंचायत के बड़हरा गांव का निवासी है। जबकि नवल किशोर मंडल सुल्तानगंज नगर परिषद के वार्ड 25 का निवासी है। दोनों को नारायणपुर से ही गिरफ्तार किया गया है। सरगना आतम कुमार थाना के सामने बाइपास रोड स्थित एक्सिलेंट कोचिंग सेंटर चलाता है। कोचिंग की आड़ में प्रतियोगी परीक्षाओं में वह सेटिंग कर फर्जी एडमिट कार्ड के आधार पर परीक्षार्थी को बैठाता था। थानाध्यक्ष आर के शर्मा ने बताया कि लगभग एक सौ परीक्षार्थियों के फोटोग्राफ व पचासों सर्टिफिकेट बरामद किये गये हैं। गिरफ्तार युवकों ने पुलिस को बताया कि परीक्षा में बैठने के लिए 10 हजार और नौकरी मिल जाने पर और 50 हजार कुल 60 हजार देना था। छापामारी जारी है। सरगना आतम कुमार शाहकुंड थाना के दीनदयालपुर का निवासी है।