ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

गुजरात और हिमाचल में मतगणना सुबह से, शाम तक आएंगे परिणाम

गुजरात और हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव की मतगणना गुरुवार को होगी और सर्वेक्षणों की मानें तो गुजरात में नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार जीत हासिल करेंगे, जबकि भाजपा शासित हिमाचल में कांग्रेस का पलड़ा भारी नजर आ रहा है।

गुजरात के सभी 182 विधानसभा क्षेत्रों के लिए कुल 71.32 फीसदी मतदान हुआ और राज्य में 13 और 17 दिसंबर को दो चरणों में हुए चुनाव में 44 हजार 579 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों का इस्तेमाल हुआ। गुरुवार को राज्य में 33 जगहों पर सुबह आठ बजे मतों की गिनती शुरू हो जाएगी। मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी इस चुनाव में जीत हासिल कर लगातार तीसरे कार्यकाल की अपेक्षा कर रहे हैं। कई सर्वेक्षणों में भाजपा को बड़ी जीत मिलने की संभावना जताई गई है।
हिमाचल प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नरिंदर चौहान ने बताया कि 68 सदस्यीय विधानसभा के लिए हुए चुनाव की मतगणना गुरुवार सुबह आठ बजे 68 सभागारों में की जाएगी और शाम तक परिणाम घोषित होने की उम्मीद है। इस चुनाव में राज्य में रिकार्ड 74.7 फीसदी मतदान हुआ। गुजरात में निर्वाचन आयोग के सूत्रों ने बताया कि मतों की गिनती शुरू होने के तीन से चार घंटे के अंदर सभी 182 विधानसभा क्षेत्रों के रुझान सामने आने लगेंगे और संभावित तौर पर शाम चार बजे तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।