नवगछिया में कोशी नदी पर निर्माणाधीन विजय घाट पक्का पुल के
सिगमेंट में दरार को लेकर राजनीतिक पार्टियों में आवाज उठने लगी है। कांग्रेस के प्रदेश प्रतिनिधि शीतल प्रसाद सिंह सिगमेंट में दरार को उच्च स्तरीय टीम से जांच कराने की मांग की है। श्री शीतल सिंह कहते है कि अगर यही हाल रहा तो विजय घाट पक्का पुल का हाल भी डुमरी पुल जैसा न बन जाएगा। जिससे आम जनता को कोई लाभ नही मिल पायेगा। पुल निर्माण कार्य में अनियमितता को लेकर अभियंता व प्रोजेक्ट मैनेजर पर कार्रवाही की जाए। इन दोनों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज किया जाए।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पुर्व राष्ट्रीय कार्य समिति सदस्य अजय कुमार सिंह ने इस मामले में भारी अनियमितता की आशंका जाहिर की है। साथ ही उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
लोजपा के भागलपुर विश्वविद्यालय अध्यक्ष प्रवेश कुमार यादव ने इस दरार को दुर्भाग्यपुर्ण बताया है। जहां लगातार नजर रखने की बात कही है।
वहीं आजाद हिन्द मोर्चा के नेता राजेन्द्र यादव ने इसे क्षेत्र के विकास में दरार बताया है। कहा है कि इसे क्षेत्र की जनता कतई बर्दाश्त नहीं करेगी ।
इधर, दरार के बारे में प्रोजेक्ट मैनेजर मोहन प्रज्ञापति ने बताया जांच करने पुल के डिजायनर आ रहे हैं। जांच के पश्चात केमिकल को दरार में डालकर मरम्मत किया जाएगा।