मुख्यमंत्री की सेवा यात्रा भागलपुर जिले के लिए तय हो गयी है। जिसे लेकर प्रशासनिक तैयारियां भी प्रारम्भ हो गयी हैं। इस सेवा यात्रा के दौरान भी मुख्यमंत्री नवगछिया अवश्य आयेंगे। जैसा कि पिछले दो सालों से वे नवगछिया के धरहरा गाँव लगातार आ रहे हैं। जहां बेटी के जन्म पर वृक्ष लगाने की परम्परा को लगातार कायम रखते हुए उसमें शरीक भी होते हैं। स्वयं अपने हाथों से भी वृक्षारोपण तक करते हैं। इतना ही नहीं इस साल गणतंत्र दिवस के मौके पर बिहार की झांकी के रूप में इसी धरहरा गाँव की झांकी को ही प्रदर्शित किया था। वैसे भी अपनी हर सभा में वे धरहरा की संस्कृति को अपनाने की सलाह भी बिहार वासियों को देते रहते हैं।
मुख्यमंत्री के भागलपुर आने के कार्यक्रम की सूचना अधिकारिक तौर पर जिला प्रशासन को मिल गई है। जिला पदाधिकारी नर्मदेश्वर लाल ने कहा है कि सेवा यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री कई योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास भी करेंगे। इसकी सूची तैयार करने के लिए उप विकास आयुक्त गजानन मिश्र को कहा गया है। डीडीसी ने कहा है कि उन्होंने सभी विभागों से इस संबंध में सूची मांगी है। 25 मई तक सभी विभागों से उद्घाटन व शिलान्यास से संबंधित योजनाओं की सूची प्राप्त होने की उम्मीद है।
सूत्रों के अनुसार डीआरडीए के सभाकक्ष में समीक्षा बैठक होने की संभावना है। पिछले तीन दिनों से सभाकक्ष का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। सभाकक्ष में अलग से स्टेज बन रहा है। वहीं सैंडिस कम्पाउंड में जनता दरबार का आयोजन हो सकता है।
मुख्यमंत्री नवगछिया में विजय घाट पर निर्माणाधीन पक्का पुल को भी देखने जा सकते हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए एनएच के कार्यपालक अभियंता ने सड़क की मरम्मत भी शुरू कर दी है। इसके अलावा क्षेत्रीय विधान पार्षद संजीव सिंह के घर मदरौनी जाने की भी प्रबल संभावना है। वैसे संभव है कि एक सप्ताह पहले इस्माईलपुर में हुए भीषण अग्निकांड में तबाह हुए लोगों के आंसू पोंछने वे इस्माईलपुर भी पहुंचें। जो जिले का सबसे पिछड़ा प्रखंड है। जहां अब तक सड़क का भी अभाव है। जिसे लेकर जिला पदाधिकारी अन्य अधिकारियों के साथ २४ मई को पहुँच रहे हैं। जिससे क्षेत्र की समस्याओं का सही आकलन हो सके।