मिस्र में राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए बुधवार सुबह से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई। 30 साल तक राष्ट्रपति रहे हुस्नी मुबारक के हटने के बाद पिछले वर्ष यह पद खाली हो गया था। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक देशभर में कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह आठ बजे ही मतदान केंद्र खुल गए थे।
करीब पांच करोड़ मतदाता राष्ट्रपति पद के लिए 12 उम्मीदवारों में से किसी एक को चुनेंगे। अरब लीग के पूर्व प्रमुख अमर मूसा, इस्लामी अबुल फतह, फ्रीडम एंड जस्टिस पार्टी के अध्यक्ष मोहम्मद मोरसी व पूर्व प्रधानमंत्री अहमद शफिक के राष्ट्रपति चुने जाने की सम्भावनाएं सबसे ज्यादा हैं।
फरवरी 2011 में 18 दिन के प्रदर्शनों के बाद मुबारक के इस पद से हटने के बाद से पहली बार इसके लिए चुनाव हो रहा है। मुबारक अक्टूबर 1981 में तत्कालीन राष्ट्रपति अनवर सादत की हत्या के बाद राष्ट्रपति बने थे। वर्तमान में मुबारक भ्रष्टाचार, सत्ता के दुरुपयोग व शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों की नियोजित हत्याओं के आरोपों का सामना कर रहे हैं। उनके दोषी पाए जाने पर उन्हें सजा हो सकती है।