नवगछिया अनुमंडल के खरीक प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में शनिवार से 24 घंटे अनवरत स्वास्थ्य सेवा मिलनी प्रारंभ हो गयी। यह जानकारी स्वास्थ्य केन्द्र के स्वास्थ्य प्रबंधक रोहित कुमार ने दी। स्वास्थ्य प्रबंधक के अनुसार फिलहाल इस प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में महिलाओं के प्रसव की पूरी व्यवस्था, परिवार नियोजन तथा आकस्मिक स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध है। जहां धीरे-धीरे अन्य तरह की स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध होंगी। स्वास्थ्य प्रबंधक के अनुसार स्वास्थ्य केन्द्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के पद पर डा. मनोज कुमार चौधरी ने पदभार भी ग्रहण कर लिया है। इस केन्द्र में हर माह की पहली तथा पंद्रह तारीख को विकलांगता शिविर का आयोजन भी किया जा रहा है। साथ ही प्रत्येक मंगलवार को शिविर लगाकर परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत बंध्याकरण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। जिसके तहत अब तक 269 महिलाओं को बंध्याकरण करके 30 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा चुका है। जिसकी वृद्धि के लिए आशा कार्यकत्र्ता तथा एएनएम को भी प्रेरित किया जा रहा है। राज्य स्वास्थ्य समिति परिवार कल्याण के मिशन डायरेक्टर गोपाल प्रसाद वर्मा ने यहां के कार्यक्रम पर संतुष्टि जाहिर करते हुए और तेजी लाने को कहा है। खरीक स्वास्थ्य केन्द्र में शनिवार से प्रारंभ प्रसव सेवा के पहले दिन एक महिला को इसका लाभ भी मिला। क्षेत्रीय विधायक कुमार शैलेन्द्र ने भी इस स्वास्थ्य केन्द्र का जायजा लिया।