ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

अंतिम सोमवारी पर उमड़ पड़े शिव भक्त

सावन माह की अंतिम सोमवारी के मौके पर सैकड़ों शिव भक्तों ने विभिन्न गंगा घाटों से गंगाजल लाकर भगवान शिव का शिवालयों में जलाभिषेक किया। इस दौरान सोमवार की सुबह गंगा में स्नान कर बटेश्र्वर स्थान, बरारी, अगुआनी, राघोपुर, लक्ष्मीपुर इत्यादि गंगा घाटों से गंगाजल लेकर सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चों की कई टोलियों ने नवगछिया गौशाला स्थित जगतपति नाथ महादेव मंदिर तथा बिहपुर के मड़वा गांव स्थित ब्रजलेश्र्वर महादेव मंदिर के अलावे पचगछिया, नगरह तथा नवगछिया के विभिन्न मंदिरों के शिवालय पहुंच कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इस क्रम में कई जगहों पर शिव भक्तों का स्वागत एवं सत्कार भी किया गया। वहीं बिहपुर, संवाद सहयोगी के अनुसार बिहपुर प्रखंड के मड़वा स्थित बाबा ब्रजलेश्र्वर धाम में सावन माह की अंतिम सोमवारी को दो लाख से अधिक कांवरियों ने जलाभिषेक किया। मिनी देवघर के नाम से विख्यात इस पावन स्थल पर उडि़सा, मध्यप्रदेश, कोलकाता, झारखंड आदि राज्यों के श्रद्धालु पहुंच कर जलाभिषेक किया। कई पार्टी के नेताओं ने भी जलाभिषेक किया।