ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

बनारसी लाल सराफ कॉलेज परिसर में मनेगा 14वां गुरुपूर्णिमा महोत्सव, बिखरेगी कई अनुपम छटा

बनारसी लाल सराफ कॉलेज परिसर में मनेगा 14वां गुरुपूर्णिमा महोत्सव, बिखरेगी कई अनुपम छटा
नव-बिहार समाचार, नवगछिया। स्थानीय बनारसी लाल सर्राफ कॉमर्स कॉलेज परिसर में 2 जुलाई से दो दिवसीय 14वां गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन होगा। इसमें अध्यात्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक अनुपम छटा बिखेरेंगी। साथ ही पर्यावरण बचाने का संदेश भी7 दिया जाएगा। बुधवार को गुरु पूर्णिमा महोत्सव कमेटी के सचिव मृत्युंजय सिंह गंगा की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में सेवादल के सभी लोगों को जिम्मेदारी सौंपी गई। कॉलेज प्रशासन भी व्यवस्था में जुटा है। इस बाबत  कैडेट के बीच मॉक ड्रिल कराया गया। 
गुरु पूर्णिमा महोत्सव में व्यवस्थापक की भूमिका निभाते आ रहे ओमप्रकाश सिंह उर्फ मुन्ना जी ने बताया कि इस बार एक दर्जन स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें पादुकालय एवं अमानत घर, नियंत्रण कक्ष, प्रशासनिक कक्ष, पुस्तक फोटो भंडार, स्वास्थ्य कक्ष, आयुर्वेदिक कक्ष, प्रमाणी संग्रह, चाय, पानी, शरबत तथा अल्पाहार स्टाल आदि शामिल हैं। स्वामी जी के दर्शन को लेकर महिला एवं पुरुष के लिए अलग-अलग लाइन बनी रहेगी। वृद्ध व दिव्यांग जनों तथा बीमार लोगों के लिए तीसरी पंक्ति रहेगी। इसके लिए सेवादल एवं एनसीसी कैडेट मुस्तैद रहेंगे। वाहन पार्किंग के लिए भी व्यवस्था की गई है। साथ ही महाप्रसाद की पैकिंग की जा रही है। जिसमें दर्जनभर सेवादल के युवा को लगाया गया है। स्वामी जी का निर्देश है कि व्यवस्था में परस्पर संबंध, वृद्ध पुरुष महिला एवं लाचार को पहली प्राथमिकता देना अनिवार्य है।
गुरु पूर्णिमा के इस अवसर पर गुरु दर्शन के साथ-साथ भक्तगण एक दसरे से गले मिलकर आपसी प्रेम का इजहार करेंगे। इसमें देश के कोने-कोने से स्वामी जी के अनुयायी शिरकत करेंगे। साथ ही भारतनाट्यम, भागलपुर के कलाकारों द्वारा अंग की लोक गाथा बाला बिहुला विषहरी पर आधारित सामूहिक नृत्य, लखनऊ कत्थक नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं नामचीन कलाकार शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति देंगे। गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दिन गुरुवर के लिए 108 भोग लगाया जाएगा। विशेष पूजन विद्वान पंडितों के द्वारा किया जाएगा।