ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

कांग्रेस पार्टी के एक प्रखंड में दो दो अध्यक्ष, दोनों ने एक ही दिन किया अलग अलग कार्यक्रम

कांग्रेस पार्टी के एक प्रखंड में दो दो अध्यक्ष, दोनों ने एक ही दिन किया अलग अलग कार्यक्रम
राजेश कानोड़िया (नव-बिहार समाचार), नवगछिया (भागलपुर)। कांग्रेस पार्टी के भागलपुर जिला अंतर्गत गोपालपुर प्रखंड में दो दो अध्यक्ष अपनी अपनी दावेदारी जता रहे हैं। दोनों सिर्फ दावेदारी ही नहीं जताते, बल्कि एक ही दिन में दोनों ने अलग अलग जगहों पर मोदी सरकार के खिलाफ नुक्कड़ सभा भी की। 
इनके कार्यक्रमों पर एक नजर देने पर पता चला कि एक प्रखंड अध्यक्ष ने प्रखंड कांग्रेस कार्यालय में बैठक और नुक्कड़ सभा की। जिसके साथ जिला के उपाध्यक्ष शीतल प्रसाद सिंह निषाद सहित अन्य लोग थे। 
वहीं दूसरे प्रखंड अध्यक्ष ने सैदपुर दुर्गा मंदिर में नुक्कड़ सभा की। जिसके साथ जिला के कार्यकारी अध्यक्ष डा अभय आनंद, बिपिन बिहारी यादव सहित कई लोग थे। दोनों के अलग अलग कार्यक्रम की खबरें संयोग से आज के एक दैनिक अखबार में एक ही पेज पर छपी भी है।
इधर पार्टी के जिला स्तर पर भी कार्यकर्ताओं में एकता का अभाव साफ नजर आ रहा है। जिसका कारण भी साफ है कि जहां जिला उपाध्यक्ष शीतल प्रसाद सिंह निषाद ने अजय सिंह को प्रखंड अध्यक्ष बरकरार बताया है। 
वहीं पार्टी के जिला स्तरीय पदाधिकारी बिपिन बिहारी यादव ने शंकर सिंह अशोक को गोपालपुर का प्रखंड अध्यक्ष करार दिया है। वहीं जिला अध्यक्ष मो परवेज जमाल ने बताया कि घोषित प्रखंड अध्यक्ष तो अजय सिंह ही हैं। लेकिन जल्द ही गोपालपुर के प्रखंड अध्यक्ष की तस्वीर साफ हो जाएगी। 
अब आमजन के मन में कई सवाल पैदा होना स्वाभाविक है। क्या पार्टी ने गोपालपुर प्रखंड को विशेष दर्जा देकर दो दो अध्यक्ष बनाया है? या फिर ये पार्टी की अनुशासनहीनता का परिणाम है? या फिर यह पार्टी की निरंकुशता का दर्पण है? बात यहीं समाप्त नहीं होती है। आज के राजनैतिक गलियारे में जहां देश भर में कांग्रेस की स्थिति किसी से छिपी हुई नहीं है। जिसे हर कोई हर लहजे में कुछ भी कह रहा है। इससे साफ और स्पष्ट लगता है कि इसके लिए और कोई नहीं खुद कांग्रेसी ही जिम्मेदार हैं। किसी और पर किसी भी तरह का ठीकरा फोड़ना बिल्कुल ही गलत है।