ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

चुनावी खबर : 64 सीटों पर मतदान आज, राहुल-राबड़ी की किस्मत का होगा फैसला


लोकसभा चुनाव के आज के चरण में 64 सीटें दांव पर है जिसमें से 2009 के चुनाव में कांग्रेस ने करीब आधी सीटों पर जीत दर्ज की थी लेकिन इसके बावजूद ऐसा प्रतीत होता है कि जब पूरे सीमांध्र, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मतदाता बुधवार को वोट डालेंगे तो पार्टी को काफी मशक्कत करनी पड़ेगी।

इसके विपरीत कांग्रेस की मुख्य प्रतिद्वंद्वी पार्टी भाजपा के पास चुनाव के इस दौर में दांव पर लगी 64 सीटों में से मात्र पांच सीटें हैं। भाजपा यदि उत्तर प्रदेश एवं बिहार के मुख्य हिस्से में अपना प्रदर्शन सुधार ले तो उसके पास काफी कुछ हासिल करने के लिए है। आज के चरण में जम्मू कश्मीर की दा सीटों के लिए भी चुनाव होना है।

पश्चिम बंगाल सहित सात राज्यों की इन 64 सीटों में से कांग्रेस ने 2009 में 31 सीटों पर जबकि भाजपा ने पांच सीटों पर जीत दर्ज की थी। चुनाव के कुल नौ चरणों में से यह आठवां चरण है। कुल 543 सीटों में से 438 सीटों के लिए चुनाव संपन्न हो चुके हैं। आखिरी दौर 12 मई को मतदान होगा जिसमें 41 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे।

कुछ स्थानों पर बड़े पैमाने पर धांधली की शिकायतों का सामना करने वाले चुनाव आयोग ने कहा कि उसने निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए मतदान केंद्रों की वीडियोग्राफी बढ़ा दी है।

राहुल गांधी (अमेठी), उनके चचेरे भाई वरूण गांधी (सुल्तानपुर), केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा (गोंडा), क्रिकेटर से राजनीतिज्ञ बने मोहम्मद कैफ (फूलपुर) (सभी उत्तर प्रदेश में), रामविलास पासवान (हाजीपुर), राबड़ी देवी और राजीव प्रताप रूडी (सारण) (सभी बिहार में) सहित 1737 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 18.47 करोड़ मतदाता करेंगे। 

आज जिन सीटों के लिए मतदान होगा उनमें हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट भी शामिल है जहां से मुख्यमंत्री की पत्नी प्रतिभा सिंह चुनाव लड़ रही हैं जबकि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के पुत्र एवं वर्तमान सांसद अनुराग ठाकुर हमीरपुर से उम्मीदवार हैं। रायलसीमा और तटवर्ती आंध्र क्षेत्रों वाले सीमांध्र की लोकसभा की 25 और विधानसभा की सभी सीटों के लिए कल वोट डाले जाएंगे। पिछले दो संसदीय चुनावों में कांग्रेस ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया था जिससे केंद्र में संप्रग सरकार बनने में मदद मिली थी।

2009 में कांग्रेस ने इस क्षेत्र की 25 सीटों में से 19 पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस ने इसके साथ ही दोनों मौकों पर आंध्र प्रदेश में सरकार बनायी थी। 2009 के चुनाव के कुछ ही समय बाद कांग्रेस के दिग्गज नेता वाई एस राजशेखर रेड्डी की हेलीकाप्टर दुर्घटना में मौत, उनके पुत्र वाई एस जगनमोहन रेड्डी द्वारा अलग पार्टी बनाये जाने तथा राज्य के बंटवारे को लेकर राजनीति से वर्तमान चुनाव में पार्टी के लिए बड़ी बाधाएं खड़ी हो गई हैं।

आंध्र प्रदेश के अलावा बिहार में लोकसभा की सात सीटें, उत्तर प्रदेश की 15, पश्चिम बंगाल की छह, उत्तराखंड की सभी पांच, हिमाचल प्रदेश की सभी चार और जम्मू कश्मीर की दो सीटों पर भी चुनाव होगा।