भागलपुर जिला के नवगछिया अनुमंडल में कोसी नदी में डूबने से दो बच्चियों समेत तीन की मौत हो गयी है। जिसमें से जहां दोनों बच्चियों की तो पहचान हो गयी है। वहीं एक युवक की पहचान अब तक नहीं हो पायी है।
जानकारी के अनुसार जहां बिहपुर प्रखंड के हरियो निवासी रूदल पासवान एवं राजेन्द्र पासवान की पुत्री क्रमश: रिया कुमारी व डोली कुमारी (दोनों का उम्र 10 वर्ष) बकरी चराने गांव से सटे झंडापुर बगजान तटबंध की ओर गई थी। इसी दौरान दोनों कोसी नदी में बसघड़ी के पास नहाने गई। गहरे पानी में चले जाने के कारण दोनों बच्चियां डूब गई। बच्चियों को डूबते देख अन्य चरवाहों ने शोर मचाते हुए बचाने का प्रयास भी किया। पर सफलता नहीं मिल पायी । ग्रामीणों द्वारा नदी से दोनों बच्चियों का शव बाहर निकाल लिया गया।
वहीं रंगरा प्रखण्ड क्षेत्र के जहांगीरपुर बैसी गांव के कब्रीस्तान के पास कोसी नदी किनारे मंगलवार की शाम एक अज्ञात किशोर का शव पुलिस ने बरामद किया।
इस संबंध मे रंगरा ओपी प्रभारी पवन कुमार ने बताया की गांव के ग्रामीणों ने कोसी के कछार मे शव होने की सूचना मोबाइल पर दी। पुलिस स्थल पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में ले लिया है। शरीर पर कहीं चोट के निशान नही हैं। नदी में डूबने से किशोर की मौत होना प्रतीत होता हैं। जिसके शरीर पर नीले व सफेद रंग की चेकदार शर्ट हैं। नीले रंग की जींस हैं। शर्ट व पैंट नई है। शर्ट में पिन भी लगी हुई थी। गले में चांदी की लाकेट था। पुलिस शव की पहचान के लिए प्रयास कर रही हैं। पुलिस को आशंका है शव किसी दूसरे स्थान से बह कर नदी में आ गया है। क्योंकि आसपास के गांव का होता पहचान हो चुकी होती। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम होगा।