भारतीय जनता
पार्टी की ओर से पीएम पद का उम्मीदवार घोषित होने के बाद यह पहला मौका है
जब गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल में आयोजित रैली को संबोधित
करेंगे। खास बात ये है कि मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह की ओर से आयोजित
इस रैली में वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह
सहित दूसरे दिग्गज भी हिस्सा लेंगे। बीजेपी का दावा है कि 7 लाख लोग आज
जुटेंगे और वहीं कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी ने महाकुंभ के नाम पर 150
करोड़ खर्च किए है। बीजेपी महाकुंभ के मद्देनजर भोपाल में स्कूलों में
छुट्टी की गई है।
देश
में होने वाले आम चुनाव और मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों के
मद्देनजर बीजेपी की ओर से आज आयोजित होने वाले कार्यकर्ता महाकुंभ की
तैयारियां लगभग पूरी हो गई है। इस मौके पर नरेंद्र मोदी के अलावा अन्य
शीर्ष नेता भी शिरकत करेंगे। पार्टी ने दावा किया है कि अल्पसंख्यक वर्ग से
50 हजार कार्यकर्ता महाकुंभ में मौजूद रहेंगे।
अब
तक मोदी की पीएम उम्मीदवारी का विरोध कर रहे लालकृष्ण आडवाणी भी इस रैली
में होंगे। हाल के दिनों में ये पहला मौका होगा जब मोदी-आडवाणी एक साथ किसी
रैली में नजर आएंगे। आडवाणी ने लगातार खुलकर मोदी का विरोध किया, लेकिन
छत्तीसगढ़ के कोरबा में एक कार्यक्रम के दौरान आडवाणी ने मोदी का जमकर
गुणगान किया। देखना है कि क्या आज की रैली में भी आडवाणी ऐसा ही कुछ करते
हैं या नहीं।
दिग्विजय पर हमला
राज्य
के उद्योग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती
पर भोपाल में हो रहे कार्यकर्ता महाकुंभ पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व
प्रदेश के जमीनी कार्यकर्ताओं मतदान केंद्र स्तरीय प्रहरी कार्यकर्ताओं से
रूबरू होगा और मिशन-2013 की सफलता में संकल्पित प्रयासों के लिए
कार्यकर्ताओं को विजय संकल्प दिलाएगा।
विजयवर्गीय
ने कहा कि कार्यकर्ता समागम में पांच लाख कार्यकर्ताओं के पहुंचने का
अनुमान लगाया गया था, लेकिन कार्यकर्ता महाकुंभ में नरेंद्र मोदी, वरिष्ठ
नेता लालकृष्ण आडवाणी, राजनाथ सिंह, डॉ. मुरली मनोहर जोशी, नितिन गडकरी,
सुषमा स्वराज जैसे शीर्ष नेताओं की उपस्थिति के कारण यहां पहुंचने वालों की
संख्या साढ़े सात लाख तक भी हो सकती है।
उन्होंने
कहा कि भाजपा के आयोजन को देखते हुए कांग्रेस में घबराहट और बौखलाहट है।
कांग्रेस आसन्न पराजय से भयाक्रांत है। कांग्रेस हताशा में अनर्गल आरोप लगा
रही है और प्रदेश का सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास कर रही है जो
निंदनीय है। विजयवर्गीय ने कहा कि पिछले माह कांग्रेस के महासचिव और पूर्व
मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा था कि प्रदेश में सरकार दंगे करा सकती
है और चंदननगर में दंगा हो गया। फिर उन्होंने कहा कि बीजेपी अशांति फैला
सकती है और हरदा में उपद्रव हो गया। अब जरूरी है कि दिग्विजय सिंह की
गतिविधियों पर सर्तकर्ता बरती जानी चाहिए, इस संबंध में मुख्यमंत्री को
अवगत करा दिया गया है। विजयवर्गीय ने कहा कि दिग्विजय दिग्भ्रमित हो चुके
हैं और उनकी बौखलाहट इस कदर बढ़ गई है कि वे अब कुछ भी अनाप-शनाप आरोप
लगाकर खुद अपने को हास्यास्पद बना रहे हैं।
