ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

जल्द आएंगे प्लास्टिक के नोट

जाली नोटों पर लगाम लगाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक ( आरबीआई ) जल्द ही प्लास्टिक के नोट बाजार में उतारने जा रहा है। इससे जहां लोगों को कटे-फटे नोटों से निजात मिलेगी, वहीं इसे धोकर चमकाया भी जा सकेगा। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शिमला, जयपुर, भुवनेश्वर सहित पांच शहरों से इसकी शुरुआत होगी। हालांकि, अभी सिर्फ 10 रुपये के प्लास्टिक नोट ही जारी किए जाएंगे।
रिजर्व बैंक के डिप्टी गवर्नर एचआर खान ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय बैंक के पांच क्षेत्रीय केंद्र इसे जल्द ही बाजार में जारी करेंगे। इससे जालसाजी पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। साथ ही यह लंबे समय के लिए टिकाऊ भी होगी। कागज की मुद्रा का औसत जीवन एक साल है, जबकि प्लास्टिक की मुद्रा का औसत जीवन पांच साल होगा। इसके अलावा आरबीआइ को इसे छापने पर कागज की मुद्रा के मुकाबले कम राशि खर्च करनी पड़ेगी।
पायलट प्रोजेक्ट के तहत इन सब बातों का अध्ययन भी किया जाएगा। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि इसका पर्यावरण पर कोई बुरा असर तो नहीं पड़ रहा। प्रोजेक्ट सफल होने पर ही इसे देशभर में जारी किया जाएगा। नकली नोटों के धंधे पर पाबंदी लगाने के लिए सबसे पहले ऑस्ट्रेलिया ने पॉलीमर नोट को अपनाया था।
अब न्यूजीलैंड, रोमानिया, पापुआ न्यू गिनी, बरमुडा, ब्रुनेई और वियतनाम में भी प्लास्टिक के नोट ही चलाए जा रहे हैं।