ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया में जिला परिषद अध्यक्ष सहित 64 रक्तवीरों ने मानव सेवा हित में किया रक्तदान

नवगछिया में जिला परिषद अध्यक्ष सहित 64 रक्तवीरों ने मानव सेवा हित में किया रक्तदान
नवगछिया में मानव सेवा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। यह आयोजन हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी क्लीन एंड ग्रीन नवगछिया फाउंडेशन के तत्वावधान में स्वर्गीय रामावतार सर्राफ की जयंती के अवसर पर 22 फरवरी 2026, रविवार को पोस्ट ऑफिस रोड स्थित बाल भारती परिसर में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम को लेकर पूरे नवगछिया नगर में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही रक्तदाताओं का आना शुरू हो गया और युवाओं के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। शिविर में चिकित्सकीय टीम की देखरेख में सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

इस अवसर पर नगर परिषद सभापति प्रतिनिधि प्रेम सागर उर्फ डब्लू यादव ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है और ऐसे आयोजन समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। बाल भारती के प्राचार्य कौशल जयसवाल ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए युवाओं से नियमित रक्तदान करने की अपील की।

कार्यक्रम में प्रमुख समाजसेवी अजय कुमार रूंगटा, पवन कुमार सराफ, मुकेश राणा, संस्था के अध्यक्ष चन्द्रगुप्त साह, अभय मुनका, नरेश केडिया, बाल कृष्ण पंसारी, शिक्षक सुबोध कुमार एवं पंकज भारती सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन में उनके पुत्र विनय प्रकाश और पौत्र केशव सरार्फ की भी सक्रिय भागीदारी रही।

रानी सती दादी मंडल खरीक के अध्यक्ष प्रदीप जैन ने भी शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और कहा कि इस प्रकार के सामाजिक कार्य जरूरतमंद लोगों के लिए जीवनदान साबित होते हैं।

संस्था के अध्यक्ष चन्द्रगुप्त साह ने बताया कि यह शिविर केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि मानव सेवा का संकल्प है। रक्तदाताओं के सहयोग से कई जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा। संस्था द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन  करने का एक ही उद्देश्य था कि लोगों में खासकर युवाओं में रक्तदान के प्रति भावना जगे और हर घर रक्तदाता हो। इस शिविर की सबसे बड़ी बात यह रही कि एक ही घर  स्व० नागेश्वर विश्वकर्मा परिवार से एक साथ 9 रक्तदानियों ने रक्तदान किया। आयोजन के सफल संचालन में स्थानीय नागरिकों और युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही ,जिससे पूरा कार्यक्रम सेवा, सहयोग और सामाजिक एकता का उदाहरण बन गया। युगल जोड़ियों के साथ 28 ऐसे रक्तदानी थे जो पहली बार रक्तदान किया।