ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

श्री श्री 108 शतचंडी महायज्ञ कल से, प्रातः निकलेगी भव्य शोभा यात्रा



डीआईजी विकास वैभव करेंगे मंच का उद्घाटन

नवगछिया से राजेश कानोड़िया। श्रीशिवशक्ति योगपीठ नवगछिया के पीठाधीश्वर परमहंस स्वामी आगमानंद जी के सानिध्य और निर्देशन में पुलिस जिला नवगछिया के रंगरा सहायक थाना क्षेत्र अंतर्गत भवानीपुर पंचायत स्थित वैष्णवी पुरानी बुढ़िया काली स्थान प्रांगण में नौ दिवसीय श्री श्री 108 श्री शतचंडी महायज्ञ एवं श्री मद् देवी भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ सोमवार से प्रारंभ हो जायेगा। इस दौरान प्रातः मंगल कलश यात्रा और संध्या 5 बजे मंच उद्घाटन एवं कथा प्रारंभ होगी। वहां भागलपुर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक विकास वैभव मंच का उद्घाटन करेंगे। एसपी नवगछिया निधि रानी, जिला कृषि पदाधिकारी कृष्ण कांत झा, अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश कुमार, डीसीएलआर परमानंद साह और एसडीपीओ प्रवेन्द्र भारती मुख्य अतिथि रहेंगे।

इस कार्यक्रम को लेकर भवानीपुर बनिया पंचायत के सभी जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों में काफी उत्साह बना हुआ है। सभी लोग इस कार्यक्रम को सफल बनाने में लगे हुए हैं। इसकी सफलता के लिए ग्रामीणों ने बीते दिन अपने अपने घर से महाप्रसाद हेतु अन्नदान भी किया है। नौ दिवसीय इस महायज्ञ का  शुभारम्भ 24 जून को स्वामी जी के सानिध्य में किया  जायेगा। जिसमें 2100 कन्या एवं महिला भव्य कलश शोभा यात्रा में भाग लेंगी । कलश  शोभा यात्रा में हाथी, घोड़ा बच्चों के द्वारा देवी देवताओं की झांकी आकर्षण का केंद्र बनेगा। शोभा यात्रा पुरे ग्राम पंचायत में भ्रमण कर यज्ञ स्थल पर पहुचेगी। संध्या काल में मुख्य अतिथियों के द्वारा दीप प्रज्वलित कर मंच का उद्घाटन किया जायेगा। वहीं 25 जून से 2 जुलाई तक प्रतिदिन प्रथम चरण में बेदीपूजन और उत्तर चरण में प्रवचन भजन एवं झांकी के साथ साथ विद्वानों द्वारा उदगार व्यक्त किया जायेगा। प्रत्येक दिन संगीतमय कथा व्यास परमहंस स्वामी आगमानंद जी महाराज के मुखारबिंद से श्रोतागण श्री मद् देवी भागवत कथा का रस पान करेंगे।