ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

राजधानी एक्सप्रेस में छेड़छाड़ के आरोपी विधायक सरफराज गिरफ्तार और रिहा

डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस में छेड़खानी के आरोपित जोकीहाट (अररिया) विधायक सरफराज आलम को रविवार की दोपहर पटना रेल पुलिस ने
गिरफ्तार कर लिया। उनके अंगरक्षक मो. एजमामुल हक और उनके साथ यात्रा कर रहे कमरे शाहिद को भी गिरफ्तार किया गया। हालांकि रात नौ बजे तीनों को 20-20 हजार के निजी मुचलके पर थाने से ही जमानत दे दी गई।  वहीं विधायक का पासपोर्ट  जब्त कर लिया गया।
इससे पहले रविवार की दोपहर ढाई बजे दोबारा सरफराज को पूछताछ के लिए रेल थाने बुलाया गया था। विधायक को थाने से ही जमानत देने को लेकर काफी देर तक विचार-विमर्श चलता रहा। इसको लेकर रेल एसपी से लेकर अन्य आला अफसर जीआरपी थाने में मौजूद थे। गिरफ्तारी से पहले रेल पुलिस ने कई सवाल विधायक से किए जिनका सटीक जवाब नहीं मिल सका। जीआरपी थानाध्यक्ष के मुताबिक विधायक पर छेड़खानी सहित अन्य धाराएं लगाई गई थीं लेकिन सभी जमानतीय थीं।  
शनिवार को चार घंटे तक हिरासत में लेकर विधायक से पूछताछ की गई थी। मधुमेह से पीडि़त होने का हवाला देने पर विधायक को देर शाम छोड़ दिया गया था लेकिन स्वास्थ्य की जांच कराने के बाद विधायक को पूछताछ के लिए रविवार को रेल थाने में बुलाया गया था।  रविवार दोपहर बाद पूछताछ में आरोपित विधायक सटीक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद आला अफसरों के निर्देश पर विधायक को गिरफ्तार कर लिया गया। वैसे छेड़खानी की बात से विधायक सरफराज ने साफ इंकार किया है। विधायक को जदयू ने शनिवार को ही पार्टी से निलंबित कर दिया था।
क्या था मामला
17 जनवरी को डिब्रूगढ़ राजधानी में महिला से छेड़खानी मामले में सरफराज के खिलाफ दिल्ली के दंपती ने एफआईआर दर्ज कराई थी। सीसीटीवी फुटेज और आरक्षण चार्ट में उनके खिलाफ अहम साक्ष्य मिले थे।