ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

विक्रमशिला सेतु की फिर लगी इस साल भी बोली

विक्रमशिला सेतु में टोल टैक्स की वसूली के लिए इस साल भी फिर बोली लगी। इस बार उच्चतम बोली 5 करोड़ 95 लाख 21 हजार 151 रुपये की लगी है। पटना के राजेंद्र सिंह ने उच्चतम डाक की बोली लगाई। सेतु की बंदोबस्ती वर्ष 2016-17 के लिए शुक्रवार को हुई।

अपर समाहर्ता विभागीय जांच डॉ. श्यामल किशोर पाठक की अध्यक्षता में अगले वर्ष के लिए डाक हुआ। इसमें सुरक्षित जमा राशि 5 करोड़ 90 लाख 5 हजार 501 थी। बोली में निकटतम दावेदार जय माता दी कंपनी, नवगछिया के विजय कुमार थे, जिन्होंने 5 करोड़ 91 लाख 78 हजार 500 रुपये की बोली लगाई। इसमें अन्य दावेदार पूर्णिया के संतोष झा, सोनपुर के नंदेश कुमार सिंह और मधेपुरा के बलराम सिंह थे। बंदोबस्ती के लिए डीआरडीए परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सबौर के बीडीओ रघुनंदन आजाद, जगदीशपुर के सीओ निरंजन कुमार ठाकुर, सहायक योजना पदाधिकारी प्रवीण झा, प्रभारी अंचल निरीक्षक किशोर झा को दंडाधिकारी के रूप में तैनात किया गया था।

अपर समाहर्ता विभागीय जांच ने बताया कि उनके साथ पुल निगम के कार्यपालक अभियंता राम इकबाल प्रसाद यादव भी थे। अब यह प्रस्ताव अनुमोदन के लिए बिहार राज्य पुल निर्माण निगम को भेज दिया जाएगा। मालूम हो कि पटना के राजेंद्र सिंह को पिछले सात वर्षों से सेतु में टोल टैक्स की वसूली के लिए बंदोबस्ती मिल रही है।