नीतीश कुमार सरकार के हर घर लगातार बिजली पहुंचाने के संकल्प के तहत इस बार किसानों, गरीबों और ग्रामीण परिवारों की बिजली दरों में किसी प्रकार का इजाफा नहीं होने जा रहा है।
बिजली वितरण कंपनियों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में तीन तरह की बिजली दरों में वृद्धि का प्रस्ताव नहीं दिया गया है। ग्रामीण घरेलू जरूरतों के अलावा कृषि कार्यों से संबंधित बिजली दरें भी यथावत रहेंगी।
इसके साथ ही शहरों और गांवों के जिन परिवारों ने कुटीर ज्योति योजना के तहत कनेक्शन ले रखा है, उन्हें भी राहत मिलने जा रही है। राज्य सरकार की योजना उनकी बिजली दरों को भी पिछले साल के स्तर पर ही बनाए रखने की है।
बिजली वितरण कंपनियों ने अपना प्रस्ताव बिहार नियामक आयोग को सौंप दिया है। वित्तीय वर्ष 2016-17 के लिए लागू होने वाली नई बिजली दरों के प्रस्ताव पर आयोग आम लोगों से राय लेने के बाद निर्णय लेगा।
नई बिजली दरों को पहली अप्रैल से लागू किया जाना है। माना जा रहा है कि जनसुनवाई के बाद आयोग द्वारा भी इस प्रस्ताव को हूबहू स्वीकार कर लिया जाएगा, क्योंकि आयोग की पूरी कवायद बिजली उपभोक्ताओं को ज्यादा से ज्यादा राहत पहुंचाने की होती है। कंपनियों द्वारा बिजली दरें बढ़ाने से संबंधित दिए गए प्रस्तावों की तुलना में आयोग अबतक बहुत कम दरें तय करता रहा है।
पिछले साल भी खेती से संबंधित कार्यों और स्ट्रीट लाइट की बिजली दरों में किसी तरह का इजाफा नहीं किया गया था। हालांकि ग्र्रामीण इलाकों में घरेलू इस्तेमाल की बिजली दरों में 10 पैसे प्रति यूनिट वृद्धि की गई थी।
इसी तरह बिना मीटर वाले कनेक्शन में प्रत्येक महीने 10 रुपये और कुटीर च्योति कनेक्शन में पांच रुपये महीने की वृद्धि की गई थी, लेकिन नए वित्तीय वर्ष में राज्य सरकार की योजना ग्र्रामीण क्षेत्रों में ज्यादा से ज्यादा घरों में बिजली पहुंचाने की है।
इसी योजना के तहत सभी परिवारों को मुफ्त बिजली कनेक्शन देने की कवायद की जा रही है। बीपीएल के साथ नए वित्तीय वर्ष में एपीएल परिवारों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा।
पिछले साल की वृद्धि
-ग्रामीण घरेलू इस्तेमाल : 10 पैसे प्रति यूनिट
-शहरी घरेलू बिजली : 15 पैसे प्रति यूनिट
-उद्योग की बिजली : 15 पैसे प्रति यूनिट
-कृषि कार्य व जलापूर्ति : कोई वृद्धि नहीं
पिछले साल की टैरिफ (ग्रामीण घरेलू)
यूनिट : दर
-0 से 50 तक : 2.10 रुपये प्रति यूनिट
-51 से 100 तक : 2.40 रुपये प्रति यूनिट
-100 से ज्यादा : 2.80 रुपये प्रति यूनिट