नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत कदवा सहायक थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह सुबह हुए एक जमीन विवाद में जहां दो किसान ( बाप और बेटे ) की खेत पर ही गोली मार कर हत्या कर दी गयी। वहीं एक महिला और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घायलों को तत्काल मधेपुरा जिला के चौसा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार कदवा सहायक थाना के करीब स्थित जंगली टोला निवासी बिंदेश्वरी मंडल (80 वर्ष) तथा उसके पुत्र उपेंद्र मंडल (60) की गोली मार कर हत्या कर दी गयी। जबकि इसी जमीन संबंधी विवाद के दौरान बिंदेश्वरी मण्डल के दूसरे पुत्र गौरी मंडल की पत्नी सुनीता देवी (40 वर्ष) तथा उपेंद्र मंडल का पुत्र लव कुमार (19 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गये है। जिन्हें नजदीक के चौसा (मधेपुरा) के अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार इस हत्याकांड में मारे गये पिता पुत्र का जमीनी विवाद पड़ोसी के साथ चल रहा था। जब आज सुबह लगभग 8 बजे ये लोग अपने खेत पर जोत करने पहुंचे तो पुनः विवाद होना शुरू हो गया। इस दौरान एक युवक तथा एक महिला घायल हो गयी। इसी दौरान खेत पर ही वृद्ध किसान विंदेश्वरी मंडल तथा उसके पुत्र किसान उपेंद्र मंडल की गोली मार कर हत्या कर दी गयी।
घटना की सूचना मिलते ही कदवा सहायक थाना के पुलिस पदाधिकारी दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुँच कर दोनों लाश को बरामद कर लिया है। जिसे पोस्ट मार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया । जहां एएसपी रमाशंकर राय मामले की गहन जांच के लिए पहुँच चुके हैं।