राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 31 पर नवगछिया और मुरली चौक के बीच दो ट्रकों की आमने सामने हुई सीधी टक्कर में जहां ट्रक चालक का पैर की हड्डी क्षतिग्रस्त हो गयी। वहीं इस ट्रक में खलासी के रूप में मौजूद इसी चालक के पुत्र की मौत हो गयी।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार और शनिवार की मध्य रात्रि में मुरली चौक और नवगछिया के बीच एक गिट्टी लदी ट्रक का अगला चक्का पंक्चर हो गया था। जिसके कारण वह ट्रक रास्ते में ही खड़ा था। इधर बांका से बालू लेकर पुर्णिया जा रहा बीआर11एस 2215 नंबर के ट्रक का ब्रेक अचानक फेल होने से दोनों ट्रक के बीच आमने सामने सीधी टक्कर हो गयी।
इस सीधी टक्कर में यूपी के खुशी नगर जिला अंतर्गत भटगामा पैसापुर निवासी बीआर11एस 2215 नंबर के ट्रक का ड्राइवर राम प्रसाद (60 वर्ष) का बायाँ पैर क्षतिग्रस्त हो गया । वहीं खलासी के रूप साथ चल रहे इस ड्राइवर के पुत्र प्रदीप कुमार उर्फ धर्मेन्द्र (30 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गयी। इस सड़क दुर्घटना की खबर मिलते ही रंगरा सहायक थाना की पुलिस ने पिता और पुत्र दोनों को अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया पहुंचाया। जहां शनिवार को पिता के टूटे पैर में प्लास्टर किया गया। वहीं उसके पुत्र का पोस्ट मार्टम किया गया।