भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत सभी 450 मतदान केंद्रों पर रविवार को छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुटेंगे। पहले से जिनके नाम मतदाता सूची में है और उन्हें इपिक नहीं मिला है तो वह भी मिल जाएगा।
उपरोक्त जानकारी अनुमंडल पदाधिकारी अखिलेश कुमार ने देते हुए बताया कि रविवार 9 मार्च को सभी बूथों पर दस बजे से संबन्धित बीएलओ को वहां रहने को कहा गया है। बीएलओ के पास रखे मतदाता सूची में लोग अपना नाम भी देख सकेंगे। जिन्हें नए नाम इंट्री कराना है या इपिक बनवाना है वे संबंधित फार्म भरकर दावा और आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। बीएलओ के सहयोग नहीं करने पर 0641-2301634 में शिकायत की जा सकती है।
जिला सूचना एवं जन संपर्क पदाधिकारी दिनेश कुमार के अनुसार भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर रविवार को यह विशेष आयोजन रखा गया है। जिला प्रशासन ने इस आयोजन की मॉनीटरिंग के लिए तीन स्तरों पर पदाधिकारियों की तैनाती कर दी है। सीओ-बीडीओ से लेकर निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी मतदाताओं की सुविधा के लिए बूथों का चक्कर लगाएंगे। मतदाताओं की किसी प्रकार की शिकायत के लिए जिला स्तर से भी सभी प्रखंडों में वरीय पदाधिकारियों की तैनाती की गई है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी बी. कार्तिकेय ने कहा है कि जो फार्म प्राप्त होंगे उसका भौतिक सत्यापन बीएलओ के द्वारा किए जाएंगे। रविवार की शाम को ही इसकी जानकारी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को दी जाएगी। शिविरों में प्राप्त सभी प्रकार के दावा-आपत्ति का निष्पादन 11 दिनों में करने का निर्देश दिया गया है।
अनुश्रवण के लिए प्रतिनियुक्ति
नवगछिया-एसडीसी करिश्मा
बिहपुर-डीसीएलआर संजीव कुमार
खरीक-एसडीसी संजीव कुमार
नारायणपुर-एसडीसी दीवान जफर हुसैन खां
रंगरा चौक-एसडीसी धुर्जटी प्रसाद सिंह
गोपालपुर-एसडीसी- शशिशंकर
इस्माइलपुर-डीएसओ राम ईश्वर
