ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

कंगारू कोर्ट के फैसले पर 20 वर्षीय लड़की से 13 ने किया सामूहिक बलात्कार



दूसरे समुदाय से प्रेम ने एक आदिवासी लड़की की जिंदगी बर्बाद कर दी। इस अपराध के लिए पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में 20 वर्षीय एक आदिवासी लड़की से 13 लोगों ने सामूहिक बलात्कार किया। ये लोग दूसरे समुदाय के लड़के से लड़की के प्रेम संबंधों के खिलाफ थे।
पुलिस ने बताया कि सभी 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता की हालत बेहद गंभीर है। सामूहिक बलात्कार की यह घटना मंगलवार रात की है। लड़की के परिवार ने लाभपुर पुलिस थाने में दी गई अपनी शिकायत में कहा कि घटना उनके समुदाय के लोगों की पंचायत के बाद हुई। पंचायत में इन लोगों ने लड़की के दूसरे समुदाय के लड़के से प्रेम संबंधों के लिए दंड देने का फैसला किया और फिर यह घटना हुई।
सहायक पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौधरी ने ब्यौरा देने से इन्कार करते हुए कहा कि रेप के आरोप में हमने 13 लोगों को पकड़ा है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि उस युवक को भी गिरफ्तार किया गया है, जिससे कथित तौर पर लड़की के प्रेम संबंध थे। गिरफ्तार 13 आरोपियों पर सामूहिक बलात्कार और लड़की को गंभीर चोट पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है।
स्थानीय लोगों के एक तबके ने मीडिया को बताया कि एक कंगारू अदालत के बाद आदिवासियों ने यह शर्मनाक फैसला किया, लेकिन इसकी आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है।