ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया जीबी कालेज में आ रही है कई प्रकार के घोटालों तथा गड़बड़ियों की बू

इन दिनों नवगछिया जीबी कालेज में कई प्रकार के घोटालों तथा
गड़बड़ियों की बू आ रही है | जिसे लेकर पिछले प्रिन्सिपल अरुण कुमार मिश्रा के कार्य काल के मामलों की जांच को लेकर तिलकामांझी भागलपुर विवि की तीन सदस्यीय कमेटी सोमवार को जीबी कालेज पहुंची | इस कमेटी में डीएसडबल्यू गुरुदेव पोद्दार, सिंडीकेट के दो सदस्य सुरेन्द्र अनल तथा सत्यव्रत सिंह शामिल बताए गए | जिनके द्वारा विभिन्न मामलों की जांच की गयी |
मौके पर इस जांच कमेटी में शामिल विवि के सिंडीकेट सदस्य को छात्र राष्ट्रीय जनता दल के जीबी कालेज अध्यक्ष अकलेश कुमार ने भी एक आवेदन सौंपा है | जिसमें बताया गया है कि वर्तमान प्रभारी प्रिन्सिपल पूर्ण रुपेण बीमार हैं | जिनके साथ आँख और कान की समस्या है | साथ ही मांग की गयी है कि इन्हें हटाकर दूसरे वरीय शिक्षक को प्रभारी प्रिन्सिपल बनाया जाय |
इस आवेदन में यह भी बताया गया है कि शिक्षण कार्य के लिए प्रतिनियुक्त शिक्षकों में से रसायन विज्ञान विभाग के प्रो0 अशोक कुमार झा और अँग्रेजी विभाग के प्रो0 शिवेश्वर झा पढ़ाते नहीं हैं | जिनके द्वारा कालेज के अन्य सभी कार्य किए जाते हैं | रसायन विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो0 अशोक कुमार झा नियमों के विरुद्ध बीसीए विभाग के कोर्डिनेटर, कालेज के नामांकन प्रभारी, परीक्षा नियंत्रक, सामान खरीद बिक्री के प्रभारी भी बन गए हैं |
इसके अलावा प्रो0 शिवेश्वर झा पर गलत तरीके से सीएलसी बनाने का आरोप लगाया है | साथ ही कालेज परिसर स्थित छात्रावास को बंद करने की साजिश भी बताई गयी है | आवेदन में एनएसएस, स्पोर्ट्स, एनसीसी फंड के पैसे की जांच की मांग की गयी है |
वहीं इस कालेज में प्रतिनियुक्त प्रो0 अशोक कुमार झा द्वारा कालेज के एनसीसी पदाधिकारी फिरोज अहमद के साथ अभद्र व्यवहार करने की साथ साथ गोली से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगा है | जिसे लेकर विवि के कुलपति महोदय को एनसीसी छात्रों द्वारा एक आवेदन दिया गया है | जिसकी पुष्टि कालेज के एनसीसी के सीनियर अंडर ऑफिसर पुष्पेंद्र सिंह ने की है |
इसके अलावा इस कालेज के शिक्षक संघ ने भी बैठक कर तिलकामांझी भागलपुर विवि के कुलपति, कुल सचिव, कुलानुशासक, अध्यक्ष छात्र कल्याण तथा जिलाधिकारी भागलपुर को पत्र लिख कर मांग की है कि प्रो0 अशोक कुमार झा की प्रतिनियुक्ति शिघ्रातिशीघ्र रद्द करते हुए उन्हे एमएएम कालेज नवगछिया वापस किया जाय | साथ ही पूर्व के प्रतिनियुक्त प्रो0 राज कमल साहू की प्रतिनियुक्ति जीबी कालेज में किया जाय | जिससे कालेज का शैक्षणिक वातावरण अक्षुण्ण रह सके |
कालेज शिक्षक संघ ने यह भी मांग की है कि पूर्ण रुपेण अस्वास्थ्य प्रभारी प्राचार्य के कारण इस कालेज में आतंक का वातावरण बना हुआ है | साथ ही शैक्षणिक वातावरण चरमरा गया है | उन्हें पदमुक्त करते हुए इस कालेज को अविलंब एक अनुशासन प्रिय प्राचार्य दिया जाय | जिससे शांतिपूर्ण तथा तनाव रहित शैक्षणिक वातावरण पुनर्स्थापित हो सके |
वहीं इस मामले में प्रो0 अशोक कुमार झा ने बताया कि दुर्भावना से ग्रसित होकर कालेज से प्राचार्य को हटाने की साजिश चल रही है | इस समय कालेज में कदाचार रहित परीक्षा चल रही है | जिसमें चोरी कराने का यह सब प्रयास है | सारे आरोप बेबुनियाद हैं |