आम आदमी को महंगाई के आंसू रुलाने वाले प्याज के दाम में गिरावट का क्रम जारी है। पाकिस्तान का सस्ता प्याज मंडियों में आने से स्टोर किया गया प्याज जमीन पर उतरने लगा है।
सोमवार को नरवाल मंडी में पाकिस्तानी प्याज थोक भाव में 20 से 25 रुपये कि लो में बिका। इससे नासिक या कैरथल का स्टोर हुए प्याज के दाम में और गिरावट आ गई। थोक दाम 40 से 45 रुपये तक पहुंच गए जोकि चंद दिन पहले 65 से 70 रुपये थे। एक सप्ताह में इस प्याज के दाम में 25 रुपये तक की गिरावट आई है, लेकिन बाजार में अभी भी चढ़े दाम पर ही प्याज बेचा जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि बाजार में भी प्याज के दाम में जल्दी ही गिरावट देखने को मिलेगी। नरवाल मंडी के थोक व्यापारी राज कुमार राजा ने कहा कि दाम में अब गिरावट का क्रम जारी है। सरकार द्वारा सख्ती बरतने के साथ पाकिस्तानी प्याज के आने तथा नासिक से कच्ची फसल चल पड़ने से ही यह दौर बना है। अगर पाकिस्तानी प्याज की आवक जारी रही तो अगले 15 दिन में प्याज सामान्य दाम पर बिकेगा। वर्तमान में कुछ व्यापारी या सब्जी बेचने वाले पाकिस्तान के सस्ते प्याज को महंगे दाम पर बेच कर मुनाफा कमा रहे हैं। संजय नगर की मधु रानी ने कहा कि अभी तक बाजार में प्याज के दाम तकरीबन 60 रुपये हैं। इस पर सरकार को कड़ी नजर रखनी चाहिए।
