ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

पाकिस्तान में भूकंप से मरनेवालों की संख्या 238 हुई, सैकड़ों लोग घायल


पाकिस्तान में मंगलवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। इससे कम से कम 238 लोगों की मौत हो गई। 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं। भूकंप की तीव्रता 7.7 थी। असर इतना भयावह था कि पाकिस्तान के ग्वादर बंदरगाह के सामने समुद्र में 40 फीट ऊंचा टापू उभर आया।
समाचार पत्र डॉन ने गृह सचिव असद गिलानी के हवाले से कहा कि अवारान में 7.7 की तीव्रता के भूकंप से 208 लोगों की मौत हुई है और 350 अन्य घायल हो गए। बलूचिस्तान के केच जिले के तुर्बत शहर से सात और लोगों की मौत की सूचना मिली। गिलानी ने कहा कि लंबी दूरी और बाधित सड़क मार्गों से राहत प्रयास में बाधा उत्पन्न हो रही है।
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री अब्दुल मलिक बलूच ने कल अवारान और पांच अन्य जिलों में आपात स्थिति घोषित की। राहत अभियान में सेना और फ्रंटियर कोर के 300 से अधिक कर्मी पहले ही शामिल हैं। सैन्य सूत्रों ने कहा कि और कर्मियों को प्रभावित क्षेत्रों में रवाना किया गया है।
बड़ी संख्या में लोगों को मकानों के मलबों से निकाला गया और घायलों को सेना और फ्रंटियर कोर के चिकित्सकों ने चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध करायी। अवारान जिले में स्थानीय लोगों ने कहा कि नगर में अस्पतालों, विद्यालयों और सरकारी इमारतों सहित लगभग सभी इमारतों को नुकसान हुआ है।