जम्मू कश्मीर, हिमाचल एवं छत्तीसगढ़ गिर रही बर्फ का असर नवगछिया और रेशमनगरी भागलपुर में भी दिखने लगा है। दो दिन से तनी कोहरे की मोटी चादर से सूर्य भी नहीं झांक पा रहा है लेकिन यह तो शुरूआत है। गुरुवार से पछिया हवा चलने से ठंड और बढ़ने का अंदेशा है। 
अधिकतम और न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे आ रही कमी के कारण अगले सप्ताह तक ठंड पूरे परवान पर होगी। बुधवार को दिनभर सूर्य कोहरे में ढका रहा। कब शाम हुई, लोगों को पता ही नहीं चला। 
धुंध भरे मौसम में घरों की दिनचर्या भी प्रभावित रही। जहां बच्चे स्कूल जाने में हिचकते दिखे वहीं शाम होते ही लोग घर की ओर भागने लगे। झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों पर तो आफत ही आ गयी है। वहां आग तापने का इंतजाम ढूंढा जा रहा है। 
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले सप्ताह तक तापमान में और गिरावट के साथ कड़ाके की ठंड पड़ेगी। गौरतलब हो कि इस वर्ष अब तक न्यूनतम तापमान छह दिसम्बर को न्यूनतम सात डिग्री सेल्सियस तक रहा है।