नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत गोपालपुर थाना क्षेत्र में 14 नवंबर को हुए पंडित चोटी कांड के विरोध में शनिवार को नवगछिया शहर में अर्थी जुलूस निकलेगी | जो स्थानीय चैती दुर्गा स्थान से प्रारम्भ हो कर शहर के मुख्य मार्ग होते हुये पुलिस अधीक्षक के आवास तक जायेगी | जहां एक शोक सभा भी आयोजित की जायेगी |
जानकारी के अनुसार दीपावली में घटी गोपालपुर स्थित संतोषी पेट्रोल पंप पर तिरासी के कर्मकांडी पंडित के पुजा नहीं कराने के बदले उसकी टीक (चोटी) काट देने की घटना
को धार्मिक आस्था के प्रतीक एवं हिन्दू चिन्ह के ऊपर हमला मानते हुए इस घटना के विरोध में नवगछिया क्षेत्र के कर्मकांडी विद्वानों की एक प्रतिनिधि बैठक स्थानीय महंथ वैदेही शरण संस्कृत महा विद्यालय के प्रांगण में शुक्रवार को तीन बजे की गयी | जिसमें इस कुकृत्य पर गहरा आक्रोश जताया गया | साथ ही विरोध प्रदर्शन हेतु शनिवार को दो बजे दिन में चैती दुर्गा स्थान परिसर से एक अर्थी जुलूस निकालने का निर्णय लिया गया | जो नवगछिया शहर के मुख्य मार्ग होते हुए पुलिस अधीक्षक के आवास तक जाएगा | जहां एक सभा भी आयोजित की जाएगी |
इस बैठक में यह मांग उठी है कि धर्म विरोधी ऐसे व्यक्ति पर आतंकवादी धारा लगाते हुए तत्काल सजा दी जाय | अन्यथा इसके लिए और उग्र प्रदर्शन किया जाएगा | बताया गया कि हिन्दू धर्म में आस्था रखने वाले सभी लोग इस घटना से मर्माहत हैं |
इस बैठक कि अध्यक्षता कर्मकांडी आचार्य प्रभात कुमार झा ने की | जिसके संयोजक कर्मकांडी आचार्य सुरेन्द्र नाथ शास्त्री थे | इस बैठक में मुख्य रूप से पंडित श्रवण शास्त्री, पंडित बुद्धिप्रकाश ठाकुर, पंडित ललित झा, पंडित प्रभात झा, पंडित सुरेन्द्र मिश्रा, पंडित कौशल झा, पंडित अजीत झा, पंडित विभाष शास्त्री एवं पंडित नीरज शर्मा सहित कई वैदिक विद्वान मौजूद थे | बैठक में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के जिला कार्यवाहक प्रभारी मृदुल जी एवं कई स्वयं सेवक भी मौजूद थे |