ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

गंगापार के गांवों में गुरमीत के जीत का जश्न

भागलपुर जिले के गंगा पार स्थित नवगछिया अनुमंडल अन्तर्गत बिहपुर प्रखंड के धरमपुरत्ती पंचायत के जयरामपुर निवासी सीताराम चौधरी के अभिनेता पुत्र गुरमीत चौधरी ने जैसे ही कलर्स चैनल पर डांस का मुकाबला झलक दिखला जा का खिताब जीता, वैसे ही जयरामपुर समेत गंगा पार के पूरे गांवों में खुशी से लोग झूम उठे।  जयरामपुर समेत कई गांवों में गुरमीत के इस जीत का जश्न भी मनाया गया, पटाखे भी फोडे गये।
गुरमीत कैसे बने डांसिंग स्टार
बिहपुर के जयरामपुर के निवासी गुरमीत चौधरी ने रविवार 30 सितम्बर को कलर्स चैनल के रियलिटी शो झलक दिखला जा के डांसिंग स्टार बन गए। गुरमीत और शंपा ने रविवार को रश्मि देसाई और ऋत्विक धनजानी की जोड़ी को हराकर यह खिताब अपने नाम किया। पुरस्कार के रूप में उन्हें 40 लाख रुपये मिले। गुरमीत ने न केवल शो की जज माधुरी दीक्षित, करण जौहर व रेमो फर्नाडीज के समक्ष अपने डांस का लोहा मनवाया बल्कि उन्हें दर्शकों के भी सर्वाधिक वोट मिले। गुरमीत ने फाइनल में रश्मि संधु व ऋतिक धनंजय को पछाड़ा। यद्यपि जजों की स्कोरिंग में गुरमीत डेंजर जोन में था। मगर, दर्शकों से मिले अपार वोटों ने उसे विजेता बना दिया। फाइनल राउंड में जजों ने उसे 37 अंक दिए थे। रश्मि 39 अंक लेकर टॉप पर थीं। शो में गुरमीत के रोबो डांस, सिंघम एक्ट व फोल्डेड हैंड डांस की खूब सराहना हुई। यह गुरमीत के नृत्य कौशल का ही कमाल था कि कार्यक्रम के एक एपिसोड में सिने तारिका करीना कपूर उसे प्ले कार्ड पर अपना दिल बना कर भी दिखा चुकी हैं।
गुरमीत के और भी हैं अभिनय

अब गुरमीत को परिचय की दरकार नहीं है। गुरमीत एनडीटीवी इमेजिन चैनल के धारावाहिक रामायण में राम की भूमिका, स्टार वन के गीत हुई सबसे पराई में मान सिंह की भूमिका निभा चुका है। गुरमीत इन दिनों जी टीवी के लोकप्रिय धारावाहिक पुनर्विवाह में यश की मुख्य भूमिका में हैं।
क्या कहते हैं विधायक
इस मौके पर बिहपुर के विधायक ई. कुमार शैलेन्द्र ने कहा कि जयरामपुर की धरती ने जहां भारतीय क्रिकेट को सौरभ तिवारी जैसा नायाब हीरा दिया। वहीं जयरामपुर के ही गुरमीत ने भी राष्ट्रीय स्तर की डांस प्रतियोगिता में अपने कौशल व समर्पण से बताया कि बिहार में बहुमुखी प्रतिभा की कमी नहीं है।
क्या कहते हैं गुरमीत के पिता
गुरमीत के पिता सीताराम चौधरी का कहना है कि बिहार के लोगों के अपार प्यार का ही नतीजा है, गुरमीत को डांसिग स्टार का ताज मिला। नवंबर में गुरमीत भागलपुर आएगा। उन्होंने बताया, गुरमीत को अभिनय व कला के क्षेत्र में जाने की प्रेरणा अपने दादा जंगली चौधरी से मिली। उन्हें जयरामपुर में लोग स्वामी जी के नाम से जानते हैं। वे गांव में रामकथा का वाचन करते हैं। मंदिर में पुजारी हैं। यह शायद स्वामी जी का ही आशीर्वाद है कि जब एनडीटीवी इमेजिन के सीरियल रामायण में राम के रोल के लिए स्क्रीनिंग जारी थी तो गुरमीत ने निर्माता को अपनी पारिवारिक पृष्ठभूमि के बारे मे बताया। निर्माता ने तुरंत ही उसे भूमिका दे दी। गुरमीत की मां सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं।
क्या कहते हैं ग्रामीण
वहीं जयरामपुर निवासी सह पूर्व प्रमुख अजय कुमार चौधरी ने इस उपलब्धि को गांव के लिए गौरव बताया । कई ग्रामीण ऐसे भी मिले जिन्हे यकीन नहीं हो रहा था कि उसके गांव के पुत्र ने यह गौरव हासिल किया। इधर बिहपुर में गुरमीत के फैन क्लब में कबड्डी खिलाड़ी सद्दाम के नेतृत्व में मिठाई खिलाकर खुशियों का इजहार किया गया। फैन क्लब के ज्ञानदेव लक्की, राशिद, इमरान आदि ने डांस का खिताब जीतने पर खूब थिरके ।
गुरमीत ने दिया धन्यवाद जब मैं झलक दिखला जा में आया तब मैं सिर्फ एक कलाकार था, लेकिन आज मैं गर्व से कह सकता हूं कि मैं एक अच्छा डांसर भी हूं। बुरे और अच्छे वक्त में साथ देने के लिए अपनी पत्नी देवीना के अलावा प्रशंसकों और समर्थकों को भी धन्यवाद देता हूं।