ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार का भागलपुर में जोरदार स्वागत

लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार सुमित्रा देवी जयंती समारोह में शिरकत करने मंगलवार की रात सपरिवार भागलपुर पहुंचीं। जहां अंगवासियों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के बहुद्देशीय प्रशाल में बुधवार को पूर्वाह्न करीब 11 बजे स्वतंत्रता सेनानी व बिहार सरकार की प्रथम महिला मंत्री स्वर्गीय सुमित्रा देवी के 89वीं जयंती समारोह का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम का उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार करेंगी। जयंती समारोह में शिरकत करने के लिए मीरा कुमार अपने पति मंजुल कुमार, देवर राजशेखर, पुत्र अंशुल अभिजीत, पुत्री देवांगना व दामाद अमित त्यागी के साथ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में सड़क मार्ग से सुल्तानगंज होते हुए रात चंपानगर पहुंची। चंपा पुल के पास बाजे गाजे के साथ पहुंचे कांग्रेसियों व बुनकरों ने मीरा कुमार की गाड़ी रोक दी। उत्साहित भीड़ को देख मीरा कुमार अपनी गाड़ी से उतर हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। लोगों ने फूल की वर्षा व माला पहना कर मीरा कुमार का स्वागत किया। मीरा कुमार के स्वागत में जगह-जगह तोरण द्वार व होर्डिग लगाए गए थे। यहां तक कि पुलिस लाइन के पास स्वागत का भागलपुर के सांसद शहनवाज हुसैन ने भी होर्डिग लगाया है। होर्डिग में मीरा कुमार के साथ सांसद की तस्वीर भी है। इधर, चंपानगर से सीधे मीरा कुमार रात करीब 11 बजे सर्किट हाउस पहुंचीं। इधर, मीरा कुमार के सर्किट हाउस पहुंचने तक सुरक्षा के मद्देनजर शहर में भारी वाहनों का दो घंटे लिए प्रवेश पर रोक लगा दिया गया था।
लोकसभा अध्यक्ष के स्वागत में एआइसीसी सदस्य प्रवीण सिंह कुशवाहा, रामविनोद सिंह, अध्यक्ष युवा कांग्रेस विपिन बिहारी यादव, प्रो. सच्चिदानंद चौधरी, सियाराम दास, चेतन कुशवाहा, संजय राणा, राजेश साह, मनोज झा, रीना देवी, दुर्गा देवी, अमित आनंद, अभिषेक कुमार पिंटू, शरद शशांक, रजिउर रहमान सहित कई कांग्रेसी नजर आए।  कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि एक बार अपने पिता जगजीवन राम के साथ मीरा यहां आई थीं।