नवगछिया पुलिस जिला में रेलवे ट्रैक पर मिल रहे लगातार शव के मामले में पुलिस ने पाया है कि नेशनल हाइवे से लाश को ट्रैक के किनारे फेंका जा रहा है। झंडापुर ओपी क्षेत्र के बगड़ी ओवर ब्रिज के समीप ३ अगस्त को मिले अज्ञात लाश की अबतक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने लगातार मिल रही लावारिश लाश के बाद हाइवे की सुरक्षा को सख्त कर दिया है। रात्रि गश्ती को चुस्त किया गया है। थानेदारों से खुद रात की गश्ती करने को कहा गया है। रात्रि गश्ती की जांच स्वयं एसपी के द्वारा की जा रही है। हाइवे के ऐसे स्थानों को चिंहित कर वहां सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की जा रही है। वरीय अधिकारियों को भी रात्रि गश्ती की जांच की हिदायत दी गई है। नवगछिया के एसपी आनंद कुमार सिंह ने बताया कि नेशनल हाइवे की सुरक्षा को पुख्ता किया गया है। नेशनल हाइवे पर क्राइम करने वाले बदमाशों की कुंडली खंगाली जा रही है।