नवगछिया प्रखंड अंतर्गत सकुचा गांव के एक 65 वर्षीय वृद्ध की मौत अलाव के अभाव में ठंड लगने से रविवार की सुबह हो गई। ग्रामीणों के अनुसार मृतक का नाम चंद्रदेव राय उर्फ चानों राय पिता स्व. जागेश्वर राय है। जिसका कोई पारिवारिक सदस्य नहीं है। वह भी अविवाहित ही था। इसलिए उनका अंतिम संस्कार चचेरे भाई के परिवार द्वारा किया जाएगा। बताते चलें कि कोसी नदी के कटाव के कारण सकुचा गांव नदी के मुहाने पर आ चुका है। जहां लोग नदी के किनारे की वर्फीली हवा से त्रस्त हो रहे है। यहां प्रशासन द्वारा अब तक अलाव की व्यवस्था नहीं की जा सकी है। ग्रामीणों सहित आइसा के राष्ट्रीय कार्य समिति सदस्य गौरी शंकर ने यहां अलाव की मांग की है। उधर गोपालपुर संवाद सूत्र के अनुसार तापमान में आई कमी एवं शीतलहर से करारी तिनटंगा की मो. निलीमा देवी (50वर्ष) की मौत हो गई। वहीं इलाके में ठंड से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। शनिवार रात से घने कोहरे से पुरा इलाका लिपटा नजर आया। मृत महिला का पुत्र जयकांत यादव ने बताया कि मां शनिवार की शाम में खाना खा कर हाथ धोते हुए घर के बाहर गिर गई और बेहोश हो गई। डाक्टर के पास ले जाने के क्रम में ही उनकी मौत हो गई। वहीं पूर्व सांसद अनिल यादव ने कहा कि ठंड से बचने के लिए सरकार एवं प्रशासन की ओर से कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। गरीबों के लिए न तो कहीं अलाव की व्यवस्था है और न तो उन्हे कंबल दिया गया है। वहीं गांव के सरपंच शंभू यादव बताते हैं कि नीलिमा देवी की मौत की खबर प्रशासन से लेकर सिविल सर्जन तक दिया गया है लेकिन उनकी ओर से देखने के लिए कोई नहीं आया। वहीं शनिवार को सुकटिया बाजार में भी ऋतिक की मौत ठंड से हो गई।