ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया भी जल्द बन सकता है राजस्व जिला



राजेश कानोडिया / नव-बिहार समाचार, नवगछिया : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कल ही कहा है कि जल्द ही राज्य के कई अनुमंडल जिला बनेंगे। अपनी विकास समीक्षा यात्रा के दौरान बगहा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि मैं अपने वादे पर अडिग हूं। अब तक जो कहा, उसे पूरा किया। बगहा को राजस्व जिला बनाने का वादा किया है, तो निश्चित रूप से रूप से पूरा होगा, अभी अफसरों की कमी है। मान लीजिए कि अभी जिला बनाने की घोषणा कर दूं तो डीएम कहां से लाऊंगा? अन्य अफसरों की पदस्थापना कहां से करूंगा? इत्मीनान रखिए। अफसरों की कमी को दूर करने के लिए केंद्र सरकार से वार्ता हुई है। अधिकारी मिलते ही बगहा समेत सूबे के कुछ अन्य अनुमंडलों को जिले का दर्जा दिया जाएगा। इसमें बगहा का नाम पहला होगा। इसकी घोषणा के साथ ही सभा स्थल तालियों से गूंज उठा। इसके पहले पतिलार में नीतीश कुमार ने कहा कि स्थानीय विधायक और सांसद ने बगहा को जिला बनाने की मांग की है। यह मेरे लिए नई मांग नहीं है।

बताते चलें कि बगहा 1996 में पुलिस जिला बना था।  
जबकि नवगछिया 1992 में पुलिस जिला बना है।इसकी भौगोलिक बनावट भी काफी विषम है। उद्योग रहित और अपराध एवं बाढ़ ग्रस्त नवगछिया पुलिस जिला का अबतक सर्वांगीण विकास भी नहीं हो पाया है। समय समय पर विधायकों और सांसदों के अलावा सभी दलों एवं विभिन्न संगठनों द्वारा पुरजोर मांग भी उठायी गयी है। प्रशासनिक पदाधिकारियों एवं द्वारा भी नवगछिया को जिला बनाने को लेकर कई बार समीक्षा कर विवरण राज्य सरकार को भेजा गया है। नीतीश कुमार की पिछली कई यात्राओं से स्थानीय लोगों के साथ साथ पार्टी के कार्यकर्ताओं में भी इसकी उम्मीद अब तक बरकरार है। जबकि जदयू पार्टी ने नवगछिया को अपना संगठन जिला कब का बना दिया है। एक अलावा नवगछिया भाजपा का भी संगठन जिला वर्षों से बना हुआ है। इतना ही नहीं नवगछिया जिला बनने की लगभग सभी अहर्ताओं को पूरा भी करता है।


बताते चलें कि इसी नवगछिया पुलिस जिला के गोपालपुर प्रखंड का एक गांव है धरहरा। इसी धरहरा की धरती से नीतीश कुमार ने राज्य ही नहीं देश और दुनियां भर में बेटी के जन्म पर "वृक्ष लगाओ, पर्यावरण बचाओ" का संदेश प्रसारित किया था। इतना ही नहीं गणतंत्र दिवस के मौके पर देश की राजधानी दिल्ली में निकली झांकियों में बिहार की इसी झांकी से इस संदेश को प्रसारित किया गया था।