ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया के खिलाड़ी नरसंहार का खुलासा: हथियार खरीदवाने के लिए लगार लाये गए थे चारों खिलाड़ी


नव-बिहार समाचार, नवगछिया / भागलपुर : नवगछिया के चार युवा वॉलीबाल खिलाड़ियों को हथियार खरीदवाने के बहाने सामुहिक नरसंहार के लिए ही खगड़िया से लगार गांव
ले जाया गया था। गुरुवार 23 नवंबर की रात पुलिस की गिरफ्त में आए नरसंहार के चार आरोपितों ने पुलिस के समक्ष पूछताछ में इस बात का खुलासा किया।
इस मामले में डीआइजी विकास वैभव ने बताया कि रोहित कुमार के बुलावे पर बाइक सवार चारों युवक 13 नवंबर को नवगछिया से लगार पहुंचे थे। खगड़िया जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र स्थित ठुठी निवासी रोहित चारों युवकों का दोस्त था। कुख्यात पिंकू झा के भांजे सिक्सर कुमार से भी रोहित की दोस्ती थी। इसका फायदा उठाकर ही पिंकू व सिक्सर ने रोहित की मदद से चारों युवकों सौरव राय, छोटू कुमार, प्रदीप झा, श्रवण चौधरी को बुलाया था। इसके बाद रोहित को चारों युवकों को गंगा नदी किनारे ले जाने को कहा। पीछे से पिंकू झा, सिक्सर कुमार, लगार निवासी मनोहर यादव, नया गांव निवासी मनोज सिंह सहित कुल आठ लोग पहुंचे। इसके बाद चारों युवकों के हाथ-पैर बांधकर उनकी खूब पिटाई की। फिर बारी-बारी से चारों युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद शवों को गंगा नदी में फेंक दिया।
इस नरसंहार में युवकों की हत्या के लिए हथियार मनोहर यादव ने उपलब्ध कराया था। चारों युवकों की हत्या के बाद पिंकू व सिक्सर ने रोहित की भी जान लेनी चाही थी। रोहित यह कहकर भी अपनी जान बचाने में सफल रहा कि वह सुबह ट्रेन से चंडीगढ़ चला जाएगा। इस पर पिंकू व सिक्सर ने उसे सुबह खुद आकर ट्रेन पर चढ़ाने की बात कही। हालांकि पिंकू व सिक्सर की योजना उसे चलती ट्रेन से धकेल देने की थी। इसकी आशंका रोहित को थी, लिहाजा वह घर से ही नहीं निकला। अब पुलिस गिरफ्त में है।
कार्तिक मेले में गत दिनों पिंकू झा से चारों खिलाड़ी युवकों का विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद युवकों ने हथियार खरीद की योजना बनाई थी। इसके लिए युवकों ने तीन से चार लाख रुपये भी इकठ्ठा किए थे। 13 नवंबर की रात दो बाइक पर सवार होकर चारों युवक हथियार की खरीद के लिए लगार गए थे। जहां साजिश के तहत चारों युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई।