थाईलैंड में छह महीने के सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बाद सेना प्रमुख ने ऐलान किया कि देश में स्थिरता बहाल करने के लिए तख्तापलट किया गया है।
थाई सेना प्रमुख प्रायुत चा ओचा ने कहा, 'देश को जल्द सामान्य स्थिति में लाने के क्रम में सेना, थाई सैन्य बल, रॉयल एयरफोर्स और पुलिस की राष्ट्रीय शांति रक्षक समिति को सत्ता पर 22 मई शाम 4:30 बजे नियंत्रण करने की जरूरत है।'
तख्तापलट से दो दिन पहले थाई सेना ने कानून-व्यवस्था बरकरार रखने के लिए मार्शल लॉ का ऐलान किया था। थाईलैंड में लंबे समय से चल रहे राजनीतिक संकट और सरकार एवं विपक्ष के बीच कई महीनों से बढ़ते तनाव के बाद मार्शल लॉ लगाया गया था। सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों ने सरकार को हटाने के लिए बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किए हैं। सत्ता के दुरुपयोग के मामले में एक संवैधानिक अदालत द्वारा यिंगलक शिनावात्रा को प्रधानमंत्री पद से और कैबिनेट के 9 मंत्रियों को हटाए जाने के बाद यह संकट और गहरा गया है।