नव-बिहार समाचार, नवगछिया। भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल में फिर एक नया एरिया सील किया गया है, जहां की एक महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पायी गयी है। इसके लिए नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत बिहपुर प्रखंड के हरिओ पंचायत के महेशपुर गांव में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद प्रशासन इलाके को सील करने की तैयारी में जुट गया है। कोरोना संक्रमित मरीज के मिलने के बाद नवगछिया एसडीओ मुकेश कुमार एवं एसडीपीओ प्रवेंद्र भारती ने बिहपुर बीडीओ, सीओ एवं बिहपुर थाना एवं झंडापुर थानाध्यक्ष को तत्काल इस संदर्भ में कोरोना के रूल के हिसाब से तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया। जानकारी के अनुसार एसडीओ के निर्देश पर देर रात ही पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी इस तैयारी में जुट गए हैं। 
नवगछिया एसडीओ मुकेश कुमार ने कहा कि जहां पर कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला है। उस जगह से  3 किलोमीटर के दायरे को सील करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन स्तर से सील करने के स्थल को भी चिन्हित कर लिया गया है। देर रात से ही प्रशासन द्वारा सील किए जाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। एसडीओ ने कहा कि सील किए गए तीन किलोमीटर के क्षेत्र को कोरनटाइन जोन घोषित कर दिया गया है। उस क्षेत्र में आवागमन को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। सील किए गए क्षेत्र में कोई भी प्रतिष्ठान या दुकान नहीं खुलेंगी। एसडीओ ने सभी लोगों को घर में रहने का निर्देश दिया है। एसडीओ ने कहा कि अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित क्षेत्र में घर से निकल बाहर निकलने वालों के विरुद्ध प्रशासनिक स्तर से सख्त कार्रवाई की जाएगी। देर रात प्रशासन द्वार कोरनटाइन एरिया को सील किए जाने की तैयारी शुरू कर दी गई थी।